बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर रेल मंडल के भोजीपुरा-लालकुआं रेलखंड के विद्युतीकरण का सीआरएस निरीक्षण मंगलवार की सुबह से देर रात तक चला। लालकुआं से भोजीपुरा तक स्पीड ट्रायल हुआ। 65 किलोमीटर का सफर इलेक्ट्रिक इंजन वाली स्पेशल ट्रेन से 48 मिनट में पूरा किया गया। इस दौरान सीआरएस स्पेशल ट्रेन 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी। रेल संरक्षा आयुक्त (पूर्वोत्तर परिमंडल) मोहम्मद लतीफ खान ने मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत के साथ इज्जतनगर मंडल के भोजीपुरा-लालकुआं रेल खंड के विद्युतीकरण का विशेष निरीक्षण ट्रेन से किया। लालकुआं से भोजीपुरा तक गति परीक्षण भी किया। निरीक्षण स्पेशल ने लालकुआं से भोजीपुरा तक लगभग 65 किमी की दूरी को 48 मिनट में तय किया। इस दौरान सीआरएस स्पेशल ट्रेन को 110 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से दौड़ाया गया। विद्युतीकरण का कार्य माह सितंबर 2021 में प्रारंभ हुआ था। अनुमानित लागत 72 करोड़ में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हुआ। भोजीपुरा-लालकुआं रेल खंड के मध्य पड़ने वाले भोजीपुरा, देबरनियां, बहेड़ी, किच्छा, पंतनगर, लालकुआं रेलवे स्टेशनों पर गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एके शुक्ला, मुख्य विद्युत वितरण इंजीनियर ओपी सिंह, कार्यकारी निदेशक (इरकॉन) डॉक्टर सुभाष चंद्र, मुख्य महाप्रबंधक (इरकान) विमल किशोर नागर, महाप्रबंधक (इरकान) संजीव कुमार सहित इरकान समेत कई अधिकार मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
