बरेली। शहर मे सावन के प्रत्येक सोमवार को शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विद्यार्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परिषदीय विद्यालयों से लेकर माध्यमिक विद्यालय और डिग्री कॉलेजों तक अवकाश का आदेश जारी किया है। यह व्यवस्था महानगर, दिल्ली रोड और बदायूं रोड के 5 किलोमीटर के दायरे मे आने वाले शिक्षण संस्थानों पर लागू होगी। सावन के सोमवार को कांवड़ियों द्वारा मंदिरों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना किए जाने के कारण शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। डीएम की ओर से जारी आदेश मे बताया गया है कि सावन के सोमवार को कांवड़िये मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। इस दौरान मुख्य मार्गों के साथ महानगर क्षेत्र में भी काफी भीड़ हो जाती है। कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में विद्यार्थियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए हर सोमवार को संबंधित क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। बदायूं जिले के कछला गंगा घाट से बड़ी संख्या में कांवड़ियों के बरेली की ओर आने को देखते हुए बदायूं रोड के दोनों ओर 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों को सोमवार को बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसमें परिषदीय विद्यालय, यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड और डिग्री कॉलेज समेत अन्य शिक्षण संस्थान शामिल है। इसी तरह दिल्ली रोड के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों में भी सावन के प्रत्येक सोमवार को अवकाश रहेगा। डीएम के आदेश के मुताबिक, शिक्षण संस्थान बंद रहने के बावजूद शासकीय कार्यों के लिए स्टाफ को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा।।
बरेली से कपिल यादव
