बहेड़ी, बरेली। किसान यूनियन के युवा नेता शुएब रजा की रहस्यमय हालत में मौत हो गयी। पांच दोस्त अच्छे-खासे साथ बैठे थे। न जाने क्या हुआ कि सबकी हालत बिगड़ गई। एक की जान चली गई जबकि बाकी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। थाना बहेड़ी पुलिस नशे की आवरडोज व साजिश सहित कई पहलुओं पर जांच में जुटी है। पुलिस ने भाकियू (महात्मा टिकैत) के नेता शुएब रजा का शव पोस्टमार्टम को भेजा दिया है। अफसरों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। क्षेत्र मे नशीले पदार्थ में जहरीली चीज मिलाए जाने की भी हो रही है। जानकारी के अनुसार युवा किसान नेता शुएब रजा अपने दोस्तों नदीम जग्गा, नदीम टार्जन, नोमान, जग्गू और चंदा के साथ बुधवार रात बैठकी मे शामिल हुए थे। बताया जाता है कि सभी ने वहां कुछ खाया था। इसके बाद गर्म चाय पी। रात करीब 11:15 बजे नदीम टार्जन अचानक बेहोश हो गया। साथी उसे बहेड़ी के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर के अंग सामान्य रूप से काम कर रहे थे लेकिन वह बेहोश था। डॉक्टर को नशा करने और उसके बाद गर्म चाय पीने की जानकारी दी गई, लेकिन कोई उपचार नही किया गया। इसके बाद साथी उसे वापस ले आए। बताया जाता है कि कुछ लोग रात में एक अन्य दोस्त के घर पर ही रुक गए। गुरुवार सुबह तीन लोगों की तबीयत और बिगड़ गई। दोपहर में शुएब रजा की हालत अधिक गंभीर होने पर उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताते हुए जवाब दे दिया। इसके बाद उन्हें भोजीपुरा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। नदीम टार्जन और नदीम जग्गा को भी भोजीपुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत गंभीर होने पर देर शाम उन्हें बरेली के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं नोमान और जग्गू को किस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसे लेकर सही जानकारी रात तक सामने नहीं आई। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी परिजनों को गुरुवार दोपहर में मिली, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। युवा किसान नेता शुएब रजा की मौत की खबर शहर में फैलते ही लोगों में शोक व्याप्त हो गया। हादसे को लेकर कई तरह की बातें कर रहे हैं। अनहोनी कैसे हुई, यह सच्चाई मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी। लोग मामले को अफीम सेवन से भी जोड़कर देख रहे है।।
बरेली से कपिल यादव
