किसानो को मिलेगी राजस्व सेवाओं की सुविधाएं
राजू चारण ,राजस्थान सरकार के राजस्व विभाग द्वारा विकसित भारत जन सेवा अभियान के अंतर्गत 26 से 28 सितंबर तक प्रदेश के समस्त गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर भू- अभिलेख निरीक्षक वृत्त स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
बालोतरा जिलाधिकारी सुरेश कुमार यादव द्वारा दिए गए निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने बताया कि इन शिविरों में जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करते हुए विकसित भारत- विकसित राजस्थान के लक्ष्य को प्राप्त करने में आमजन, किसानों, महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। उन्होने बताया कि शिविर प्रतिदिन प्रातः 9.30 बजे से सायं 6.00 बजे तक अथवा कार्य समाप्ति तक आयोजित होंगे। शिविर प्रभारी एवं सह-प्रभारी समस्त विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए राजस्व कार्यों का निस्पादन कर आमजन को राहत प्रदान करेगें।
इन शिविरों में राजस्व विभाग द्वारा निम्न 12 प्रकार के कार्य सम्पादित किए जाएंगे। राजस्व अभिलेख एवं खातों का शुद्धिकरण, आपसी सहमति से खातों का विभाजन, रास्ते के प्रकरणों का निस्तारण, नामांतरकरण संबंधी प्रकरणों का निस्तारण,सरकारी,चारागाह,विभागीय भूमियों के अतिक्रमण प्रकरण, भूमिहीन किसानों को भूमि आवंटन, गैर खातेदारी से खातेदारी अधिकार प्रदान करना, सीमाज्ञान,पत्थरगढ़ी के प्रकरणों का निस्तारण, आबादी विस्तार हेतु राजकीय भूमि आवंटन एवं आरक्षण, सार्वजनिक – राजकीय प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन, आरक्षण प्रस्ताव, जाति,मूल निवास, हैसियत प्रमाण-पत्र जारी करना तथा फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य किये जायेगें।
उन्होने स्पष्ट निर्देश दिए कि पूर्व में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 एवं सेवा सेतु अभियान के दौरान लंबित रहे प्रकरणों का इन शिविरों के दौरान शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
— राजस्थान से राजूचारण
