सहसा गांव मे चोरों का धावा, सात बंद मकानों को बनाया निशाना

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। शनिवार रात गांव सहसा मे अज्ञात चोरों ने सात बंद मकानों को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोर मुख्य दरवाजों के कुंडे कटर से काटकर घुसे और तिजोरियों के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। जानकारी के मुताबिक चोरों ने सबसे पहले प्रेम सिंह के घर मे चोरी की। वह परिवार के साथ ससुराल गए हुए थे। चोर यहां से सोने की झुमकी, पैंडल, चांदी की पायल और अलमारी मे रखे 30 हजार रुपये ले गए। अमर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर मे बताया कि सुरेश पंजाब मे रहते है। उनके घर का कुंडा काटकर चोर तिजोरी का ताला तोड़ ले गए और सोने का मंगलसूत्र व नकदी चोरी कर ली। सुनीता रुद्रपुर गई हुई थी। उनके घर से अंगूठी, चेन, कुंडल और पायल चोरी हुए है। इसके अलावा अमर सिंह के दोनों बेटों विजय और अरविंद के घरों से पायल, बिछुआ, खड़ुआ, मंगलसूत्र और झुमकी चोरी कर ली गई। रामेंद्र के घर से नकदी गायब मिली। वहीं, नत्थूलाल और छोटेलाल के घरों के कुंडे काटने के दौरान घरवालों के जागने की भनक लगने पर चोर भाग निकले। सुबह सभी मकान मालिकों को सूचना देकर बुलाया गया। प्रशासक पति मुनीश कुमार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की। अमर सिंह की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की है। दो घरों से जेवरात और नकदी चोरी होने की पुष्टि हुई है। संदिग्धों से पूछताछ की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *