बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मोहल्ला माली मे घनी आबादी के बीच लगाए जा रहे मोबाइल टावर का स्थानीय लोगों ने रविवार को विरोध कर दिया। आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने मौके पर प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने टावर का निर्माण पूरी तरह बंद कराने की मांग की है। मोहल्ला माली मे एयरटेल कंपनी का मोबाइल टावर लगाया जा रहा है। रविवार को विरोध प्रदर्शन कर रहे भगवान दास, ओमप्रकाश, राजवीर, प्रेमवती, राजवाल, सर्वेश, हीराकाली, श्यामकाली, धीरू, चुन्नीलाल, चांदनी और नेमवती समेत अन्य लोगों ने बताया कि घनी आबादी के बीच टावर लगने से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर मोहल्ले में टावर नहीं लगने दिया जाएगा। उन्होंने इस मामले मे एसडीएम मीरगंज के न्यायालय मे केस दायर किया है। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम से भी शिकायत कर टावर का निर्माण रुकवाने की मांग की थी। इसके बावजूद रविवार को निर्माण एजेंसी ने काम शुरू कर दिया। इस पर महिला और पुरुषों ने एकजुट होकर विरोध किया और निर्माण कार्य बंद करा दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है।।
बरेली से कपिल यादव
