नवाबगंज, बरेली। गन्ना क्षेत्र का डायवर्जन कर सेमीखेड़ा चीनी मिल को देने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। किसानों ने किसी भी कीमत पर सेमीखेड़ा चीनी मिल को गन्ना देने से मना कर दिया है। इस दौरान किसानों ने खूब हंगामा काटा। बरौर और पंडरी गांव के आसपास 24 गांवों के किसानों के गन्ने की सप्लाई पिछले 15 वर्षों से एलएच चीनी मिल पीलीभीत को जाती है। गन्ना तौलने के लिए बरौर और पंडरी गांव में गन्ना क्रय केन्द्र लगाए जाते हैं। इस बार भी शुरुआत में एलएच शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र स्थापित किए गए थे। जिन पर करीब एक सप्ताह तक गन्ने की तौल भी हुई। इसके बाद अचानक क्षेत्र का गन्ना सेमीखेड़ा चीनी मिल को डायवर्ट कर दिया गया। इस पर एलएच चीनी मिल ने गन्ने की तौल बंदकर अपने क्रय केंद्र हटा लिए। जिससे गुस्साए किसानों ने सेमीखेड़ा चीनी मिल को गन्ना देने से इनकार कर दिया। सेमीखेड़ा चीनी मिल को गन्ने का डायवर्जन किए जाने को लेकर किसानों में भारी गुस्सा है। किसानों के गुस्से का आलम यह है कि सेमीखेड़ा चीनी मिल के कर्मचारी गांव में गन्ना सेंटर लगाने के लिए किराए पर भूमि लेने पहुंचे तो लोगों ने उन्हें भूमि देने से ही मना कर दिया। लोगों ने साफ कह दिया कि वह सेमीखेड़ा चीनी मिल के गन्ना सेंटर के लिए भूमि नहीं देंगे। किसानों का कहना है कि सेमीखेड़ा चीनी मिल कम मात्रा में गन्ना तौलती है। उन्हें बार बार गन्ना तौलना पड़ता है। मिल अक्सर खराब रहती है। रविवार को जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी और सेमीखेड़ा चीनी मिल के जीएम शैलेन्द्र अस्थाना किसानों को मनाने पंडरी गांव पहुंचे। अधिकारियों के आने की खबर मिलते ही गांव के पंचायत घर में काफी तादात में किसान जुट गए। अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया तो वह भड़क गए। किसानों ने खूब हंगामा काटा। जिसके बाद जिला गन्ना अधिकारी और सेमीखेड़ा चीनी मिल के जीएम लौट गए। इसमें गांव के ग्राम प्रधान धर्मेन्द्र, अरविंद, जगदीश, नरेश, यशवंत, भगवान दास, इन्द्रपाल, दभद्रसेन, जगपाल आदि किसान मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
