बरेली। ईद-उल-फितर, अक्षय तृतीया एवं परशुराम जयंती के पर्व के अवसर पर शांति व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखने को लेकर कलेक्ट्रेट में गणमान्य लोगों की बैठक हुई। डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि ईद-उल-फितर, अक्षय तृतीय एवं परशुराम जयन्ती के त्योहार एक साथ-साथ पड़ रहे हैं। ऐसे में हम सभी लोगों का दायित्व है कि शांति व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखें। सभी से अपील है कि त्योहारों को परंपरागत रूप से मनाया जाए और कोई नई परम्परा न डाली जाए। ईद-उल-फितर एवं परशुराम जयन्ती के जुलूस जिन रास्तों से पहले से निकलते आए हैं। उन मार्गों को पहले से देख लिया जाए और मार्ग से जूलूस निकाले जाए। जिन व्यक्तियों द्वारा नमाज अदा की जाये, नमाज निर्धारित स्थान पर ही अदा की जाये, कोई भी व्यक्ति सड़क पर नमाज न अदा करें। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने धर्म गुरुओं कहा कि फेसबुक, ट्विटर आदि सोशल मीडिया पर कुछ लोग ऐसे होते हैं जो ऐसे अवसरों पर अफवाह फैलाते हैं, अफवाह पर ध्यान न दिया जाए, यदि कोई अफवाह हो तो उसके बारे में एसडीएम और सीओ को जानकारी दें। इस मौके पर समाजसेवी जर्नादन आचार्य, डॉ महेंद्री हसन ने भी अपने विचार रखे। एसपी सिटी राहुल भाटी, एडीएम आरडी पांडे, सिटी मजिस्ट्रेट रेनू सिंह, एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल और अन्य रहे।।
बरेली से कपिल यादव
