बरेली। अभिनेता, कास्टिंग डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर के साथ ही सफल लेखक के रूप मे अपनी छाप छोड़ चुके श्रीधर दुबे बड़ी फिल्म की शूटिंग लोकेशन देखने बरेली आए हुए है। उन्होंने लोगों से अपनी लिखी फिल्म भोला को देखने की अपील की। बताया कि भोला जल्द ही ओटीटी पर भी रिलीज होगी। शहर के जंक्शन रोड स्थित होटल मे माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल ने श्रीधर दुबे को स्मृति चिह्न प्रदान किया। इसके बाद श्रीधर मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ फिल्म की कास्टिंग के दौरान पहली बार बरेली आना हुआ था। पहली बार ट्रेन से बरेली आया था। आज फ्लाइट से आया हूं। फ्लाइट का अर्थ है कि अब जल्द ही यहां बड़ी फिल्म की शूटिंग होगी। उन्होंने बताया कि मुंबई मे बहुत से लोग बरेली मे शूट करना चाहते हैं। यहां की लोकेशन सभी को पसंद आती है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जब मैं मुंबई गया था तब मेरा कोई गॉडफादर नही था। इसलिए मुझे जो भी काम मिला वह मैंने किया। आज अच्छा लगता है जब बड़े अभिनेताओं के साथ मुझे काम करने का अवसर मिलता है। फिजिक्स वाला के लीड हीरो रहे श्रीधर ने कहा कि इस सीरीज को करने के बाद मेरी सोच में बड़ा बदलाव आया। एक शिक्षक के प्रति सम्मान का भाव और अधिक बढ़ गया है।।
बरेली से कपिल यादव
