शौर्य यात्रा पर पथराव: पुलिस ने 5 केस किए दर्ज, 300 लोगो को बनाया आरोपी धरपकड़ जारी

मध्यप्रदेश/शाजापुर- शहर में महाराणा प्रताप जयंती पर निकली शौर्य यात्रा पर पथराव के मामले में पुलिस ने 5 केस दर्ज किए हैं। इनमें दो दर्जन नामजद के साथ करीब 300 अन्य को आरोपी बनाया गया है। यात्रा निकालने वाले भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह गोहिल पर धारा 188 के उल्लंघन का केस दर्ज करने के साथ दूसरे पक्ष के 16 नामजद के साथ अन्य के खिलाफ बलवा सहित अन्य गम्भीर धाराओं में केस दर्ज।
गौरतलब है कि जब यात्रा नई सड़क पर पहुंची तो डीजे की आवाज कम करने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद पथराव किए जाने के बाद तनाव के हालात बन गए। जवाब में जुलूस में शामिल युवाओं ने भी पथराव किया। उपद्रव में पांच मोटरसाइकिल और एक ऑटो को आग लगाने के साथ ही कुछ दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई।
हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजी और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान बाजार बंद हो गया। दो दर्जन से अधिक युवाओं को हिरासत में लिया गया है। ऐहतियात के तौर पर कलेक्टर श्रीकांत बनोठ ने शहर में धारा 144 लागू कर दी है। इधर, विवाद के बाद शहर के कुछ अन्य क्षेत्रों में भी मामूली पथराव हुआ था। हालांकि समय रहते उस पर काबू पा लिया गया। विवाद सामने आने के बाद उज्जैन सहित अन्य स्थानों से भी पुलिस फोर्स शाजापुर भेजा गया है।

गौरव व्यास शाजापुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।