*कैबिनेट बैठक में लगी मुहर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनकर इतिहास रचने वाले योगी आदित्यनाथ ने पार्ट-2 कार्यकाल के पहले ही दिन कैबिनेट बैठक में बड़ा ऐलान किया है।कोरोना काल के समय शुरू की गई मुफ्त राशन योजना को तीन महीने के लिए और आगे बढ़ा दिया है। पहले इस योजना मार्च 2022 तक ही थी।
सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि देश के 80 करोड़ और प्रदेश के 15 करोड़ गरीबों को इस योजना का लाभ मिल रहा है।उन्होंने कहा कि हमारी पहली कैबिनेट बैठक में इस योजना को तीन महीने आगे और बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस योजना के तहत गरीबों को खाद्यान्न के साथ दाल, नमक, चीनी और तेल भी दिया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि इस योजना से राज्य के खजाने पर 3270 करोड़ रुपए का भार पड़ेगा। इस निर्णय के बाद राज्य के 15 करोड़ लोगों को अगले तीन महीने तक प्रधानमंत्री अन्न योजना के तहत लाभ मिलता रहेगा।
प्रेस कांफ्रेंस में सीएम योगी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मौजूद रहे। ये नवगठित सरकार का पहला ऐलान है।
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के चुनावी रण में भाजपा ने प्रचंड जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। चुनावी रण में प्रचंड जीत की एक बड़ी वजह मुफ्त राशन योजना बतायी जा रही है।योगी सरकार इस योजना को ध्यान में रखते हुए जारी रखने के पक्ष में है।योगी सरकार अब 2024 लोकसभा चुनाव के चुनावी रण को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। संभावना है कि ये योजना 2024 के लोकसभा चुनाव के चुनावी रण तक जारी रहेगी।इसी योजना का प्रभाव रहा है कि प्रदेश के हर वर्ग के वोटरों ने भाजपा को वोट किया और फिर से सत्ता में आने के लिए जनादेश दिया।
