विपक्ष से जुड़े संस्थानों को निशाना बना रही सरकार- अताउर रहमान

बरेली। समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं बहेड़ी विधायक अताउर रहमान, जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने रविवार को पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर जौहर विश्वविद्यालय प्रकरण में भाजपा सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक प्रतिशोध का माध्यम बनाना उचित नहीं है और विद्यार्थियों के हित सर्वोपरि रहने चाहिए। अताउर रहमान ने कहा कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय हजारों विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा का केंद्र है। किसी प्रकार का विवाद है तो उसका समाधान न्यायालय और कानून के दायरे में होना चाहिए। सरकार विपक्ष से जुड़े संस्थानों को निशाना बनाकर शिक्षा का माहौल खराब कर रही है। पेपर लीक, परीक्षाएं रद्द होने और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा छात्रों के हितों की हर लड़ाई लड़ेगी। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों से परेशान है लेकिन सरकार ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनकर, निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह यादव, अशोक यादव, जितेंद्र मुंडे, राम सेवक प्रजापति, राजेश मौर्य, शमीम अहमद, अंशु गंगवार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *