शीशगढ़, बरेली। जनपद के थाना शीशगढ़ क्षेत्र मे रेप के एक आरोपी की गिरफ्तारी से नाराज उसके परिजनों को थाने मे घुसकर पहरे पर तैनात एक महिला सिपाही से मारपीट करने और उसकी वर्दी फाड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि इसी बर्ष 20 मार्च को एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाना शीशगढ़ मे मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर उसके परिजन के सुपुर्द कर दिया था। पुलिस ने रविवार को इस मामले मे आरोपी शब्बू (23) को गिरफ्तार किया था। अग्रवाल के अनुसार शब्बू के पकड़े जाने की सूचना पर उसके परिजन शब्बर, शहनाज, तरन्नुम, फूलजहां और शैदान थाने पहुंचे और शब्बू को झूठे मामले मे फंसाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने शब्बू को पुलिस से छुड़ाकर ले जाने की कोशिश की। तभी पहरे पर तैनात महिला सिपाही निशा ने शब्बू और उसके परिजन को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उसके साथ न सिर्फ मारपीट की बल्कि उसकी वर्दी भी फाड़ दी। उन्होंने कहा कि महिला सिपाही की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे साथी पुलिसकर्मियों ने उसे छुड़ाया और शब्बू और उसके परिजन को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए परिजन के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 225 (आरोपी को छुड़ाने), 353 (सरकारी काम में बाधा डालने), 147 (उपद्रव) और 504 (शांतिभंग करने) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें तथा शब्बू को जेल भेज दिया है।।
बरेली से कपिल यादव
