बरेली। जनपद मे बारिश थम गई लेकिन पॉश कॉलोनी रेजीडेंसी गार्डेन मे जलभराव के हालात अभी भी बने हुए है। तीसरे दिन भी इस कॉलोनी से पूरी तरह पानी नही निकल सका। बुधवार को डीएम और नगर आयुक्त ने ट्रैक्टर पर बैठकर हालात का जायजा लिया। रेजीडेंसी गार्डेन में छह फीट तक पानी भरा था। जिसको निकालने के लिए मंगलवार को दिनभर नगर निगम की टीम लगी रही। सेक्शन पंप के जरिये टैंक लगाकर पानी खींचा गया। फिर भी पानी को खाली नहीं कराया जा सका। बुधवार को भी सड़क पर जलभराव रहा। नगर निगम की टीमें लगातार पानी निकालने में जुटी हुई हैं। जलभराव के कारण 10 फीसदी घरों में लोग ऊपरी मंजिल पर रह रहे हैं, जिनको सामाजिक संगठन के माध्यम से राशन व सब्जियां व पानी पहुंचाया गया। रेजीडेंसी गार्डेन में मंगलवार को आक्रोशित लोगों ने गेट के बाहर चार पहिया वाहन लगाकर रास्ता जाम कर दिया। इसमें 25 से 30 की संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए। पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर करीब नौ बजे जाम खुलवाया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। इसी तरह मुंशीनगर में आकांक्षा एन्क्लेव में तीन से चार फुट पानी भरा रहा, जिससे करीब 400 घरों को पानी के संकट से जूझना पड़ा। वहीं कर्मचारी नगर में त्रिवेणी एन्क्लेव में दो से तीन फुट पानी, पवन विहार में, छोटी बिहार में परवाना नगर, संजयनगर, आधार शिला, कूर्मांचल नगर में नार्थ सिटी एक्सटेंशन, लाजपत नगर में दो-तीन फुट पानी भरा रहा। इसके अलावा गणेश नगर, बन्नू बाल कॉलोनी, मिनी बाइपास पर कई कॉलोनियां जहां अनियमित तरीके से बसाई गई हैं। जिसमें जलभराव की समस्या रहती है। ग्रीन पार्क के अंदर तो कई जगहों पर नदी के किनारे प्लाटिंग कराई जा रही है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि पुराने नाले व तालाब को खोजे जाएंगे, जिन पर अतिक्रमण कर लिया गया है। उसको खुलवाया जाएगा। पूरे शहर का ड्रेनेज मास्टर प्लान तैयार कराया जाएगा। निचले क्षेत्रों में जिन जगहों पर पानी जाता है उसको चिह्नित किया जा रहा है। मेयर उमेश गौतम ने कहा कि रेजीडेंसी गार्डन तो छह फुट नीचे है वहां पर पंप लगाकर पानी निकलवाया जा रहा है। कर्मचारी नगर में लाजपत नगर, त्रिवेणी एन्क्लेव में पंपिंग सेट लगे हैं, यहां के पानी को बुधवार सुबह तक साफ कर दिया जाएगा। भविष्य के लिए मुंशीनगर वाला 14 करोड़ का नाला जल्द पूरा कराया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
