बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के रहपुरा रोड किनारे पानी से भरे गड्ढे में शुक्रवार की रात्रि में संदिग्ध हालत में बच्चा (5) पड़ा मिला। शनिवार की सुबह जंगल में एक महिला भी बेहोश पड़ी मिली। पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। बच्चे को चाइल्ड केयर सेंटर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फतेहगंज पश्चिमी के रहपुरा निवासी भूपेंद्र गंगवार शुक्रवार की रात में 10.50 बजे फतेहगंज पश्चिमी से अपने गांव जा रहे थे। सृजन स्कूल के पास उन्हें रोड किनारे गड्ढे के पानी में एक बच्चा पड़ा मिला। भूपेंद्र गंगवार बाइक रोककर लड़के को रोड तक लाए। उन्होंने घर से कपड़े मंगाकर लड़के को पहनाकर पुलिस को सूचना दी। शनिवार की सुबह उस स्थान से 50 मीटर की दूरी पर रोड किनारे जंगल मे अज्ञात महिला बेहोश पड़ी मिली। महिला जिला अस्पताल में भर्ती है। महिला अभी कुछ बता नही पा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया बेसुध होने के कारण महिला की शिनाख्त नही हो सकी है।एक दिन पहले एक 5 साल का बच्चा भी कुछ दूरी पर रहपुरा अंडरपास के पास मिला था। मगर वह कुछ बता नही पा रहा था। बच्चे को पुलिस अनाथालय भेज दिया है। महिला और बच्चे के बीच कोई संबंध को लेकर पुलिस जांच कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
