फर्जी लाइसेंस नंबर डालकर बेच रहा था पैकेज्ड पानी, 3915 बोतलें सीज

फरीदपुर, बरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को फरीदपुर मे पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर निर्माण इकाई पर छापा मारकर बड़ी अनियमितता पकड़ी। टीम ने फर्जी लाइसेंस नंबर और अधूरे पते के साथ तैयार की जा रही पानी की 3915 बोतलें सीज कर दीं। इनकी कीमत करीब 48 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही पानी भरने वाली मशीन के नोजल को भी सील कर दिया गया। आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश के तहत सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह के नेतृत्व में टीम ने फरीदपुर के ससैय्या रोड स्थित सुखदेव पुरम में संचालित मैसर्स अनुप्रिया बिव्रेजेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बुधौली के नितिन तोमर 1000 और 500 एमएल की पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बोतलों को बिक्री के लिए पैक करते मिले। अधिकारियों ने बोतलों के लेबल की जांच की तो उस पर फर्जी लाइसेंस नंबर दर्ज होने की बात सामने आई। वहीं निर्माता का पूरा पता भी दर्ज नहीं था। लेबल पर केवल ‘अनुप्रिया बिव्रेजेज यूपी बरेली’ लिखा मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने मौके से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक नमूना भी लिया। इसे जांच के लिए फूड एनालिस्ट के पास भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद पानी की गुणवत्ता और अन्य मानकों की स्थिति स्पष्ट होगी। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार शुक्ला और इंद्रजीत सिंह शामिल रहे। इसके अलावा मौके पर बिक्री के लिए तैयार 3915 बोतलें, कीमत 48,060 रुपये, सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुपुर्दगी में दे दी गईं। टीम ने निर्माण इकाई में लगी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर भरने वाली मशीन के नोजल को भी सील कर दिया। इससे फिलहाल इकाई में पैकेज्ड पानी का उत्पादन नहीं हो सकेगा। अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट और अभिलेखों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *