यातायात माह में भी नियमों की अनदेखी, दीपावली से पहले हर तरफ जाम ही जाम

बरेली। शहर में एक नवंबर से यातायात माह का शुभारंभ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने किया था। इस माह को शुरू हुए एक सप्ताह से ज्यादा का समय बीत गया है। मगर अभी तक यातायात व्यवस्था में कोई सुधार देखने को नहीं मिला है। मार्गों पर मनमाने ढंग से चालक वाहन चला रहे हैं। इसकी वजह से सड़कों पर जाम लग रहा है। दीपावली से पहले ट्रैफिक प्लान लागू ना होने पर शहर भर में जाम के हालात बनते जा रहे हैं। मंगलवार को भी शहर के कई रास्तों में भीषण जाम लगा रहा। शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात माह में भी वाहन चालक मनमाने ढंग से वाहनों को दौड़ा रहे हैं। वहीं भीड़भाड़ वाली जगहों पर नो एंट्री के बावजूद चौपाया वाहन घुस रहे है। उन्हें रोकने को लगे होमगार्डों पर यह वाहन मालिक रौब गांठ देते हैं। दो पहिया वाहन चालक बगैर हेलमेट एवं बड़े वाहन चालक बगैर सीट बेल्ट लगाए वाहनों को दौड़ा रहे है। इतना ही नहीं मार्गों पर नाबालिग बच्चे ट्रिपल राइडिंग कर दो पहिया वाहनों को दौड़ा रहे है। यातायात पुलिस शहर में लगे जाम को खुलवाने में ही अपना सर्वाधिक समय दे रही है। इसके अलावा वाहनों एवं चालकों की सुरक्षा संबंधित चेकिंग भी नहीं की गई। बड़े हो या छोटे सभी प्रकार के वाहन चालक यातायात माह में भी आम दिनों की भांति मार्गों पर वाहन दौड़ आते देखे जा रहे हैं। दीपावली की वजह से वाहनों की आवाजाही और भीड़ बढ़ने लगी है। खरीदारी को लोग उमड़े तो सिविल लाइंस में भीषण जाम लग गया। टेंपो कारों और ऑटो के अलावा बाइक भी जाम में फंस गई। इसके कारण शहर के मुख्य मार्ग व बाजारों में रोड पर दोनों साइड जाम की समस्या बनी रहती है। जाम लगे रहने से बाजार आने वाले महिलाओं एवं पुरुषों को काफी देर तक जाम में फंसकर समय बर्बाद करना पड़ा। वहीं पूरा शहर खुदा पड़ा है लोग त्योहार की खरीदारी को निकल रहे है। सड़कों पर लोड ज्यादा है। ऐसे में तमाम दुकानदार है जिन्होंने अपने कारोबार के लिए सड़कों पर कब्जा कर लिया है। वे भी लोग मुसीबत बने हुए हैं।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।