राजस्थान/बाड़मेर- नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत बाड़मेर नगर परिषद एवं चौहटन नगर पालिका क्षेत्र में मतदान के लिए निर्धारित मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के प्रावधानों के तहत नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं के निर्वाचन के लिए चयनित मतदान केन्द्रों एवं उनमें सम्मिलित निर्वाचन क्षेत्रों की सूची प्रकाशित की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्यमी गोपाल ने बताया कि बाड़मेर जिले में राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 दो चरणों में आयोजित होंगे। प्रथम चरण में 9 सितंबर को बाड़मेर नगर परिषद शाहपुरा एवं द्वितीय चरण में 11 सितंबर को नगरपालिका चौहटन में मतदान निर्धारित है। उनके मुताबिक प्रकाशित मतदान केन्द्रों की सूची की एक-एक प्रति संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय के नोटिस बोर्ड तथा संबंधित नगर निगम, नगर परिषद एवं नगरपालिका के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस सूची को संबंधित निकाय की वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा। मतदान केन्द्रों की सूची चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर रवीन्द्र कुमार ने बताया कि नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं से प्राप्त मतदान केन्द्रों की सूची एवं विवरण के आधार पर मतदान केन्द्रों का राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 76 के प्रावधानों के तहत अधिग्रहण किया गया है। यह अधिग्रहण संबंधित निकायों में निर्धारित मतदान तिथि से एक दिन पूर्व से मतदान समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
उन्होंने बताया कि संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों, विभागाध्यक्षों एवं संस्था प्रधानों को निर्देशित किया गया है कि वे अधिग्रहित मतदान केन्द्र परिसर को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं मतदान दल अधिकारियों को सौंप दें। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
जिला प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं को मतदान केन्द्रों से संबंधित व्यवस्थाओं में आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान केन्द्रों की प्रकाशित सूची में मतदान केन्द्रों के नाम, क्रमांक एवं संबंधित विवरण उपलब्ध कराए गए हैं। यह सूची नगरीय निकाय आम चुनाव के दौरान मतदान व्यवस्था के लिए आधारभूत दस्तावेज के रूप में उपयोग की जाएगी। इधर, नगर निकाय चुनाव के दौरान अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए स्वीप प्रकोष्ठ के माध्यम से मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं से निकाय चुनाव के दौरान मतदान करने का अनुरोध किया जा रहा है।
— राजस्थान से राजूचारण
