बरेली। दो साल की पढ़ाई पूरी करने वाले परास्नातक के छात्रों के लिए बुधवार को बरेली कॉलेज मे विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमे जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर छात्रों के साथ अपनी यादें साझा की और गीत-संगीत के कार्यक्रमों से सभी को भावुक बना दिया। बरेली कॉलेज मे राजनीति विज्ञान विभाग मे पीजी छात्रों की विद्यार्थियों का विदाई समारोह का कार्यक्रम हुआ। आजादी के अमृत महोत्सव मे नारी शक्ति थीम के तहत शुरूआत प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ की। प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं को नारी सशक्तिकरण के इस दौर में समाज मे पुरुषों की महत्ता को भी रेखांकित करते हुए दोनों पहियों को विकास की धुरी के लिए आवश्यक माना। विभागाध्यक्ष डॉ. मनमीत कौर आयोजन और आगामी परीक्षाओं के लिए दोनों वर्ष के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। पीजी फोरम की निदेशक डॉ. नीलम गुप्ता ने विद्यार्थियों को विषय की समझ विकसित करते हुए तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने को कहा और एक गीत के माध्यम समारोह को भावुक बना दिया। शिक्षिका डॉ. सुषमा रानी ने सभी विद्यार्थियों को जीवन में आए अवसरों को पहचानने एवं अपनी योग्यता को सवारने पर बल दिया। विभाग के शिक्षक डॉ. रमेश त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को कर्मशील रह कर भाग्य को सशक्त बनाने एवं भविष्य के प्रति जागरूक रहते हुए अपने लक्ष्य को साधने पर बल दिया। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों ने अपनी सहभागिता देते हुए नारी शक्ति के विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए रंगोली का मूल्यांकन डॉ. बृजेश नंदिनी एवं डॉ. मिन्नी यादव ने किया। पीजी फोरम के कार्यक्रमों की विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रथम वर्ष के छात्र छात्राओं ने द्वित्तीय वर्ष के छात्र छात्राओं का तिलक एवं चंदन लगाकर आगामी परीक्षाओं एवं भविष्य में बेहतर करने के लिए विदाई दी।।
बरेली से कपिल यादव
