बरेली के रंग विनायक रंगमंडल को नेशनल थिएटर अचीवर्स अवॉर्ड

बरेली। दो दशकों से अधिक समय से रंगमंच की सेवा मे जुटी बरेली की जानी-मानी संस्था रंग विनायक रंगमंडल (विंडरमेयर थिएटर) को वर्ष 2026 के नेशनल थिएटर अचीवर्स अवॉर्ड से नवाजा गया है। रंग विनायक रंगमंडल के निदेशक तथा विंडरमेयर थिएटर के मुख्य संरक्षक डॉ. ब्रजेश्वर सिंह को गोरखपुर रंग महोत्सव के दौरान यह सम्मान दिया जाएगा। रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली संस्थाओं को हर साल अभियान थिएटर, गोरखपुर की ओर से नेशनल थिएटर अचीवर्स अवॉर्ड दिया जाता है। इस बार बरेली के डॉ. ब्रजेश्वर सिंह के अलावा यह सम्मान संतोष राजपूत (उपाध्यक्ष, विवेचना रंगमंडल, जबलपुर) को दिया जाएगा। जल्द ही गोरखपुर रंग महोत्सव में दोनों हस्तियों को प्रशस्ति पत्र, अंग वस्त्र तथा सम्मान राशि दी जाएगी। डॉ. ब्रजेश्वर सिंह लगभग दो दशकों से दया दृष्टि चैरिटेबल ट्रस्ट के अंतर्गत रंग विनायक रंगमंडल का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने सिविल लाइंस में ब्लैक बॉक्स ऑडिटोरियम का निर्माण कराया है, जिसे विंडरमेयर थिएटर के नाम से जाना जाता है। उनके प्रयासों से बरेली में अब तक 16 राष्ट्रीय रंग महोत्सव आयोजित किए जा चुके हैं, जिन्हें विंडरमेयर थिएटर फेस्टिवल के नाम से जाना जाता है। दो वर्ष पूर्व डॉ. ब्रजेश्वर सिंह ने इसे विंडरमेयर थिएटर फेस्टिवल एंड अवॉर्ड्स के रूप में नई पहचान दी है। विंडरमेयर थिएटर में भारत ही नहीं बल्कि विदेशी कलाकार भी प्रस्तुति देते रहे हैं। डॉ. ब्रजेश्वर सिंह की देखरेख में रंग विनायक रंगमंडल ने अब तक 50 से अधिक नाटक तैयार किए है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *