बरेली के पहले युवक को कोरोना पॉजिटिव, पूरे परिवार को किया गया क्वारेंटाइन

बरेली। नोएडा में नौकरी करने वाला सुभाषनगर का युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। 3 दिन पहले जिला अस्पताल में भर्ती युवक का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया था। बीते शनिवार की देर रात जांच रिपोर्ट आई है जिसमें युवक को कोविड-19 का संक्रमण बताया गया है। उसे कोरोना वायरस का संक्रमण होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन युवक के घरवालों को एंबुलेंस से निजी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां 14 दिन तक पूरे परिवार को क्वारेंटाइन किया जाएगा। जिला अस्पताल में युवक की जांच करने वाले डॉक्टर और स्टाफ को भी 14 दिन तक क्वॉरेंटाइन करने का निर्देश दिया गया है। आईडीएसपी की टीम युवक से पूछताछ कर रही है कि बरेली आने के बाद उसने किन लोगों से मुलाकात की। सुभाषनगर का रहने वाला युवक बीते 22 मार्च को घर आया था। बीते 26 मार्च को उसे जानकारी मिली थी कि जिस कंपनी में वह काम करता था वहां कई लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से ग्रसित हैं और जांच में कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उसके बाद युवक जिला अस्पताल आया और यहां उसका सैंपल लिया गया था।
कंट्रोल रुम से पहुंची टीम ने शुरु किया सेनिटाइजेशन, फैला सन्नाटा
कंट्रोल रूम की टीम ने क्वरंटाइन करने की कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र को सेनिटाइज करने का कार्य शुरू कर दिया हैं। टीम कोरोना पॉजिटिव केस के घर के आस पास के एरिये को सेनिटाइज कर रही है। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में सन्नाटा फैल गया है। लोगों में भी दहशत हैं।
सशंकित हो रहे लोग:- कोरोना की पुष्टि होने के बाद क्षेत्र में रहने वाले लोग सशंकित हो रहे हैं। इसके अलावा क्षेत्र में कई तरह की चर्चाए भी चल रही है। हालांकि पुलिस प्रशासन की टीम लोगों को जानकारी दे रही है कि वह अपने घरों से बाहर न निकले। इसके अलावा पुलिस ने भी काफी सख्ती कर दी हैं। कोरोना पॉजिटिव केस के मिलते ही पुलिस ने सुभाष नगर पुलिया सहित अन्य रास्तों को सील कर दिया है। इसके साथ ही कोरोना पॉजिटिव के घर कंट्रोल रुम से टीम भी पहुंच गई है। जिसने अपनी कार्रवाई शुरु कर दी हैं। कंट्रोल रुम से पहुंची टीम ने कोरोना पॉजिटिव के घर के मुख्य गेट पर कोविड 19 चस्पा किया हैं। जिसमें प्रवेश न करने सहित क्वरंटाइन किए जाने की बात भी अंकित है। इसके अलावा टीम ने आस पास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भी सर्तक रहने को कहा है। कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद से लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है। लोग दहशत में है। सुभाष नगर काफी भीड भाड वाला क्षेत्र है। टीमें अब उन लोगों की तलाश कर रही हैं जो लोग इन संपर्क में आए हैं। जिससे और लोगों को सुरक्षित किया जा सकें।।

– बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।