राजस्थान/बाड़मेर- जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन को समयबद्ध एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की भी विभागवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को बजट घोषणाओं से जुड़े कार्यों में आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा प्रगति की नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होने बजट घोषणाओं के तहत रणछोड़राय मंदिर एवं हल्देश्वर महादेव मंदिर विकास कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होने कृषि विभाग को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अनार महोत्सव की कार्य योजना बनाने के निर्देश दिये। उन्होने सभी अधिकारियो को निर्देश प्रदान किये कि जिन कार्यों की स्वीकृति जारी हो गई है, उन्हे धरातल पर उतारें।
जिला कलक्टर यादव ने पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद समेत सभी नगर पालिकाओं को प्रतिमाह 30-30 आवेदन करवाने के निर्देश दिये।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पात्र पशुपालकों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि योजना के तहत सर्वेयर की संख्या को बढ़ाते हुए अपेक्षित लक्ष्य अर्जित करें।
उन्होंने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करें तथा शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित रूप से पोर्टल की निगरानी करने को कहा, ताकि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। बैठक में जल संचय जन भागीदारी योजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होने राइजिंग राजस्थान से संबंधित गतिविधियों की भी समीक्षा की और निवेश एवं विकास से जुड़े कार्यों में आवश्यक समन्वय बनाए रखने को कहा।
इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनसिंह महेचा ने विकसित भारत जनसेवा अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों, शिविरों एवं आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, इसलिए अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।
बैठक में नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमलेश चौधरी, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल मीणा, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग घेवरचंद प्रजापत, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
