* नौ खिलाड़ियो का राज्य स्तर पर चयनित
राजस्थान/बाड़मेर- राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चारणों की ढाणी बालेवा की हॉकी टीम ने 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 14 वर्ष आयु वर्ग के छात्रा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 26 सितंबर तक आदर्श बाल मंदिर, दानजी की होदी, बाड़मेर में किया गया। प्रतियोगिता में चारणों की ढाणी विद्यालय की 14 वर्ष आयु वर्ग की छात्रा हॉकी टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक नखदान चारण ने बताया कि विद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि छात्रा वर्ग की आठ खिलाड़ियों तथा छात्र वर्ग के एक खिलाड़ी सहित कुल नौ खिलाड़ियों का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है।विद्यालय की टीम के वापस लौटने पर विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणों द्वारा खिलाड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं विद्यालय स्टाफ ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बस्तीदान चारण,लक्ष्मण शर्मा, सुमेरदान ,नारायण दत्त शर्मा, महिपाल सिंह, जीवनदान व दल प्रभारी सूरज कंवर सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शारीरिक शिक्षक श्री बंशीलाल का सम्मान एवं बहुमान किया गया।विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय एवं गांव के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
— राजस्थान से राजूचारण
