बदायूं। जनपद बदायूं के उझानी क्षेत्र मे मंगलवार सुबह अल्लापुर चमारी गांव का माहौल बेहद गमगीन रहा। बागपत हादसे में जान गंवाने वाले गांव के सात में से छह लोगों की अर्थियां एक साथ उठी तो चीख-पुकार मच गई। अपनों को खोने के गम में परिजन बिलख पड़े। महिलाओं के करुण क्रंदन से माहौल और भी मार्मिक हो गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और नम आंखों से अपनों को विदाई दी। जनप्रतिनिधियों और डीएम-एसएसपी ने गांव मे पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। राजस्थान के गोगामेड़ी बागड़ धाम से वापस बदायूं आ रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव के पास रविवार रात कैंटर की साइड लगने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी। हादसे में एक बच्ची, किशोर समेत 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि 23 घायल हुए। मृतकों में साधु यादव उर्फ जय सिंह, मुन्नी यादव, मूर्ति देवी, प्रेम सिंह यादव, भगवती यादव, रामेश्वर यादव और अवनेश उझानी क्षेत्र के अल्लापुर चमारी गांव के रहने वाले थे। इनमें छह लोगों के शव सोमवार को गांव पहुंच गए थे। जबकि गांव के अवनेश का शव मंगलवार शाम तक गांव पहुंचने की उम्मीद जताई गई। छह लोगों के शव पहुंचते ही अल्लापुर चमारी गांव में मातम पसर गया। मंगलवार सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हुई तो बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवारों के घर पहुंच गए। एक साथ छह अर्थियां उठने का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई। परिजन और ग्रामीण छहों शवों को अंतिम संस्कार के लिए कछला गंगा घाट ले गए। वहां सभी का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ छह चिताएं जलीं तो हर कोई रो पड़ा। मृतकों के परिजनों के आंसू नहीं थम रहे थे। अंतिम संस्कार के बाद अल्लापुर चमारी गांव में मातम पसरा रहा। मंगलवार को जनप्रतिनिधि, प्रशासन के अधिकारी भी पीड़ित परिवारों का हाल जानने गांव पहुंचे। डीएम और एसएसपी ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। अधिकारियों ने परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। गांव में मौजूद लोगों से भी बातचीत की और स्थिति की जानकारी ली। सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना को हृदय विदारक बताते हुए इस पर दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक मदद दिए जाने की घोषणा की।।
बदायूं से कपिल यादव
