क्योलडिया, बरेली। क्षेत्र में तेंदुए की लगातार दस्तक ने ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार सुबह बच्चों को लेने जा रही स्कूल की ईको वैन के चालक के सामने अचानक तेंदुआ आ गया। तेंदुआ झाड़ियों में बैठा था और गाड़ी के काफी करीब था। चालक ने तत्काल वैन रोक दी और करीब 10-15 मिनट तक तेंदुए के जंगल में जाने का इंतजार किया। तेंदुए के वहां से हटने के बाद ही वह बच्चों को लेकर आगे बढ़े। घटना बुधवार सुबह करीब आठ बजे की है। राधा गोविंद इंटर कॉलेज के चालक संजीव कुमार ईको वैन लेकर गांव जवेदा-जवेदी जा रहे थे। किशनापुर-महमूदपुर गांव की पुलिया के पास जंगल से गुजरते समय उन्हें झाड़ियों में तेंदुआ दिखाई दिया। अचानक तेंदुआ सामने देखकर चालक घबरा गए और उन्होंने गाड़ी रोक दी। कुछ देर बाद तेंदुआ धीरे-धीरे जंगल के अंदर चला गया। इसके बाद संजीव ने बच्चों को सुरक्षित कॉलेज पहुंचाया और घटना की जानकारी कॉलेज प्रबंधक रमेश कुमार को दी। प्रबंधक ने वन विभाग के अधिकारी अकबर अली को सूचना दी। स्कूल वैन के सामने तेंदुआ मिलने की सूचना से वन विभाग में भी हड़कंप मच गया। उप प्रभागीय वनाधिकारी संजीव जौहरी और नवाबगंज के क्षेत्राधिकारी केके मिश्रा ने टीम के साथ क्षेत्र का जायजा लिया। ग्राम प्रधान वेदपाल कनौजिया के सहयोग से मुड़िया चौधरी गांव के पास कैलाश नदी के जंगल में हाई रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। कैमरे मे विशेष मेमोरी चिप लगाई गई है। जिससे तेंदुए की 24 घंटे गतिविधियां रिकॉर्ड की जा सकेंगी। रिकॉर्डिंग के आधार पर वन विभाग तेंदुए के आने-जाने के रास्ते और उसके मूवमेंट पैटर्न का पता लगाएगा। अधिकारियों का कहना है कि बरसात के मौसम और जंगल में शिकार की कमी के कारण तेंदुए आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ सकते है।।
बरेली से कपिल यादव
