फरीदपुर, बरेली। होली पर थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव मे चल रही डांस पार्टी को देख कर लौटा युवक लापता हो गया। परिवार के लोग उसे रात भर खोजते रहे। लेकिन उसका पता नही लगा। शनिवार की सुबह गांव से एक किलोमीटर दूरी पर स्थित गन्ने के खेत में उसका शव पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। परिवार मे कोहराम मचा हुआ है। शुक्रवार की रात फरीदपुर के अमरेख गांव मे होली के त्यौहार पर नर्तकियों के डांस का आयोजन किया गया था। गांव के सैकड़ों लोग डांस देखने पहुंचे। उन्ही में अमरेख का सुनील (20) नर्तकियों का डांस देखने के लिए बाइक से अपने दोस्त के साथ पहुंचा। देर रात तक डांस देखने के बाद वह वापस अपने घर चला आया। घर मे घुसते समय फोन पर कॉल आयी। जिसे सुनकर सुनील वापस घर के दरवाजे से लौट गया। परिवार के लोग डांस पार्टी स्थल पर उसे खोजने के लिए पहुंचे। लेकिन पता नही लगा। शनिवार की सुबह लोगों ने सुनील का शव गांव से एक किलोमीटर दूरी पर स्थित सड़क किनारे गन्ने के खेत में पड़ा देखा। उन्होंने परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद परिवार के लोग बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने सुनील का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। सुनील के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात हत्यारों के खिलाफ तहरीर दी। सुनील की एक साल पहले शादी हुई थी। वह अपने छह भाई-बहनों में बीच का था। पत्नी सुमन का रो रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि घर के दरवाजे पर पहुंचने से पहले सुनील के फोन पर एक कॉल आई। जिसे सुनकर सुनील घर में घुसने से पहले दोबारा वापस चला गया। कुछ देर बाद सुनील का फोन बंद हो गया। परिजनों ने बताया कि फोन कॉल करने वालों ने सुनील का वहीं से अपहरण कर लिया। जिसके बाद उसकी हत्या करके शव फेक दिया। सुनील के गले पर और पीठ पर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने सुनील के कपड़ों से मिले फोन की कॉल डिटेल जुटाई है। सुनील की डांस पार्टी में कुछ युवकों से कहासुनी होने का मामला भी सामने आया है। इंस्पेक्टर फरीदपुर राजकुमार सिंह ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए युवक का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। परिजनों के आरोप की जांच की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
