प्रभा देवी कन्या इंटर कॉलेज की बेटियों ने कहा न डरेंगे, न झुकेंगे , सिर उठा कर जिएंगे

*प्रभा देवी कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ मिशन शक्ति संवाद
संतकबीरनगर- प्रभा देवी कन्या इंटर कॉलेज खलीलाबाद में शुक्रवार को मिशन शक्ति कार्यकक्रम के तहत स्कूल संवाद का आयोजन हुआ। संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पण और दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। वरिष्ठ डॉ सोनी सिंह, महिला थाना प्रभारी डॉ शालिनी सिंह, राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका इंदू यादव, प्रधानाचार्या पूनम उपाध्याय और प्रभा देवी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रमोद त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पण कर दीप को प्रज्जवलित किया। इसके बाद विद्यालय की छात्रा शमा खातून व अन्य ने ‘हे वादिनी मां मेरा गीत अमर कर दो, बस जाओ कंठ में मेरा संगीत अमर कर दो’ के माध्यम से मां सरस्वती की अराधना किया। इसके बाद महिमा मिश्र व अन्य ने अतिथियों का स्वागत अपने गीत ‘स्वागत करते हैं आज आपका, आओ -आओ हे प्रिय मेहमान आपका स्वागत है’ के जरिए किया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत विद्यालय की प्रधानाचार्या के अलावा नेहा राय व अन्य ने किया। डॉ सोनी सिंह ने कहा कि सबसे जरूरी यह जानना है कि लक्ष्य जो निर्धारित किया है उसको पाने के लिए अपनी क्षमता को बढ़ाना। यह तब संभव है जब आत्म अवलोकन करेंगी कि अभी आपकी तैयारी क्या है। शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है जिससे हम समाज में अलग पहचान बना सकते हैं। दिन रात एक कर पढ़ाई पर ध्यान दें। अपने लक्ष्य को हासिल करें। महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शालिनी सिंह ने कहा कि सबसे पहले तो अपने अंदर के डर को निकालना होगा। जब डर नहीं होगा तो लड़ने की क्षमता खुद ब खुद आ जाएगी। उन्होंने कहाकि हर छात्रा अपने साथ जूड़ा पिन, पेन तो रखती है, लेकिन उसका प्रयोग नहीं जानती। यदि कोई अचानक आ के पकड़ ले तो ये दोनो चीजें काम आएंगी। यदि पेन है अथवा जूड़ा पिन है तो तत्काल उससे हमला करें, हमला सीधे आंख में करें, इससे आप आसानी से बच जाएंगी। इसके अलावा हाथ की पहली दो अंगुली से गले के सबसे निचले हिस्से पर अटैक करें। उन्होंने कई तरह के टिप्स दिए। इसके अलावा सभी छात्राओं से अपील किया कि साथ में पेपर स्प्रे जरूर रखें। यह बहुत काम की चीज है। उन्होंने कहा कि सरकार ने तमाम हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। 1090, 1098, 112, 1076, 181 आदि प्रमुख हैं। इन नंबरों पर कॉल कर सकती हैं। आपकी मदद पुलिस करेगी भी और नाम डिटेल भी गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने सभी हेल्पलाइन की अलग-अलग जानकारी दी। कुछ छात्राओं ने कहाकि परिवार के लोग बाहर भेजने में डरते हैं, इसके लिए क्या किया जाए। राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका इंदू यादव ने कहा इसके लिए पहले सभी खुद को साबित करें। गलतियों को माता पिता से जरूर बताएं। उनके अंदर यह विश्वास पैदा करें कि आप खुद हर ताकतों से लड़ने के लिए सक्षम हो। कार्यक्रम का संचालन प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रमोद त्रिपाठी ने किया। इस दौरान राजेश पांडेय, रितेश त्रिपाठी, नेहा राय सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।