बरेली। मतगणना के बाद प्रत्याशी विजय जुलूस नही निकाल सकेगा। मतगणना के दौरान ड्रोन कैमरों से पल-पल की गतिविधि कैद की जाएगी। सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। साथ ही हर गतिविधि की वीडियोग्राफी होगी। एडीजी जोन राजकुमार ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पिकेटिग व्यवस्था रखी जाएगी। मतगणना स्थल एवं अन्य स्थानों पर पर्याप्त संख्या में स्टेटिक टीम दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ रहेगी। मतगणना केंद्र के प्रवेश द्वार एवं बैरियर पर लोगों की तलाशी ली जाएगी। जोन के सभी जनपदों की इंटरनेट मीडिया सेल विभिन्न प्लेटफार्मों पर होने वाले पोस्ट पर विशेष निगरानी रखेगी। भ्रामक सूचना पोस्ट करने वाले व्यक्तियों पर तत्काल एक्शन लिया जाएगा। सुचारू रूप से यातायात के लिए जिले में नौ स्थानों पर बैरियर लगे होंगे। इधर, मतगणना स्थल पर ड्यूटी को लेकर बुधवार को पुलिस लाइंस में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया। प्रत्येक पुलिसकर्मियों को ड्यूटी प्वाइंट के साथ जिम्मेदारी बताई गई। इसके बाद फोर्स ड्यूटी प्वाइंट के लिए रवाना कर दी गई। ब्रीफिग के दौरान एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह, एएसपी साद मियां खान व कई सीओ मौजूद रहे। मतगणना स्थल पर कोई भी मोबाइल व इलेक्ट्रानिक गैजेट नहीं ले जा सकेगा। इसके साथ ही 300 मीटर दूर ही बनाई गई पार्किंग में वाहन खड़े किये जा सकेंगे। अफसर, मीडिया, प्रत्याशी समेत सभी के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। परसाखेड़ा रोड पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। मुरादाबाद, रामपुर की ओर से शहर को आने वाले वाहन जीरो प्वाइंट झुमका तिराहा से बिलवा पुल होते हुए गंतव्य को जाएंगे। शहर से रामपुर व मुरादाबाद जाने वाले वाहन मिनी बाइपास इज्जतनगर तिराहा से बिलवा पुल होते हुए जाएंगे। इमरजेंसी वाहन जैसे एंबुलेंस, फायर सर्विस, पुलिस वाहन के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू नहीं रहेगी।।
बरेली से कपिल यादव
