पल्स पोलियो कार्यक्रम का हुआ आगाज: 20 सितंबर तक चलेगा अभियान

ग़ाज़ीपुर- भारत को पोलियो से मुक्त कराने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के सहयोग से सघन पल्स पोलियो अभियान पिछले कई सालों से चलाया जा रहा है, ताकि अब कोई भी बच्चा पोलियो ग्रस्त न हो। इसी को लेकर एक बार फिर 15 से 20 सितंबर तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। जिसका शुभारंभ रविवार को नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विनोद कुमार अग्रवाल के द्वारा बच्चे को पल्स पोलियो की खुराक नवापुरा प्राथमिक विद्यालय पर पिलाकर किया गया।
आज के इस पल्स पोलियो अभियान में जहां कार्यक्रम की शुरुआत किया गया वही कोई भी बच्चा कुपोषित ना हो इसको लेकर पोषण माह भी चलाया जा रहा है। जिसके तहत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियो ने भी अपने पोषाहार से संबंधित स्टाल लगाया और पोलियो की खुराक पीने वाले बच्चों में पोषाहार का वितरण किया।
कार्यक्रम के अतिथि पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने बोलते हुए कहा कि पल्स पोलियो का यह अभियान एक पुण्य अभियान है जो पोलियो जैसे खतरनाक बीमारी को आम जनमानस से दूर करने के लिए किया जा रहा है। अगर यह अभियान ऐसे ही चलता रहा और इसमें सभी लोग अपना सहयोग करते रहे तो 1 दिन ऐसा भी आएगा की पोलियो बीते दिनों की बात कहानियों की तरह किताबों के पन्नों में पढ़ने को मिलेगा।
डब्ल्यूएचओ के डॉ पंकज सुथार ने बताया कि पोलियो या पोलियोमेलाइटिस एक गंभीर और खतरनाक बीमारी है। पोलियो वायरस से होता है। यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक फैलता है। साथ ही यह वायरस जिस भी व्यक्ति में प्रवेश करता है उसके मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है जिसकी वजह से लकवा भी हो सकता है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ आरके सिन्हा ने बताया कि पिछले चरण की तरह इस चरण के लिए भी जन्म से पाँच वर्ष तक के 5.4 लाख सम्भावित बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पिछले चरण में जनपद का टारगेट 5.5 लाख था जिसमें से 5.4 लाख की अचीवमेंट करते हुए जनपद ने प्रदेश में दूसरा स्थान लाया था। उन्होंने बताया कि इस चरण के लिए जिले भर में 2009 बूथ बनाए गए हैं। साथ ही 64 मोबाइल टीम भी बनाई गई है इसके साथ ही अभियान के 948 टीमें बनाए गए हैं जो 16 सितम्बर से से तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का काम करेंगे। साथ ही बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 87 टीम ने बनाई गई हैं। पल्स पोलियो के कार्यक्रम को सकुशल निपटाने के लिए 6027 एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ती इसमें अपना सहयोग करेंगी।
आज के कार्यक्रम में डॉ जी सी मौर्य,डॉ डीपी सिन्हा ,डॉ आर के सिन्हा, प्रभुनाथ बर्मा ,अनिल कुमार वर्मा, अमित राय,आशीष राज सिंह के साथ भाजपा नगर अध्यक्ष रासबिहारी राय व आशा और आगनबाडी कार्यकत्रि मौजूद रही।

रिपोर्टर:-महेश पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।