बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र मे कस्बा धौंराटांडा के रहने वाले परचून व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव का हत्या के मामले में पुलिस को चौबीस घंटे बीतने के बाद भी कोई भी सुराग नहीं मिला। पुलिस की जांच अटक गई है कि हत्यारे नामजद हैं या कोई और। पुलिस अभी तक की जांच मे यह तय नहीं कर पाई है। थाना भोजीपुरा क्षेत्र के कस्बा धौंराटांडा के वार्ड एक निवासी परचून दुकानदार 65 वर्षीय सियाराम श्रीवास्तव की शुक्रवार को हत्या कर दी गई थी। वह सुबह टहलने निकले थे। धौंराटांडा विवियापुर कायस्थान रोड पर किसी ने धारदार हथियार से गला काटकर उनकी हत्या कर दी थी। हत्यारे घटना को अंजाम देने के बाद मौके से आसानी से फरार हो गए थे। जबकि उस रोड पर आवाजाही बनी रहती है। पुलिस ने मृतक के पुत्र सुरेश कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर धौंराटांडा निवासी लालाराम कश्यप, इनके पुत्र संजीव कुमार कश्यप व मृतक के पड़ोस में रहने वाले महेंद्र श्रीवास्तव के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इनमें पुलिस को संजीव कश्यप घर पर नहीं मिला। वह उत्तराखंड के किच्छा में नौकरी करने गया हुआ था। पुलिस ने मृतक के पुत्र सुरेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा नामजद तहरीर देने के बाद लालाराम कश्यप व महेंद्र श्रीवास्तव व लालाराम छोटे बेटे को पकड़कर हिरासत में ले लिया था। इन लोगों से पूछताछ की, लेकिन सियाराम श्रीवास्तव की हत्या किसने की है और क्यों की है। इस मामले में चौबीस घंटे बीतने के बाद भी पुलिस को कोई भी सुराग नही मिला। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक की सोने चेन नहीं पहन रखी थी। मोबाइल फोन का भी अभी तक सुराग नहीं लग सका है। उधर पुलिस नामजद आरोपी लालाराम कश्यप के छोटे भाई परमेश्वरी दयाल कश्यप को भी पकड़कर हिरासत में ले लिया है। परमेश्वरी दयाल गांव जालिम नगला का प्रधान भी है।।
बरेली से कपिल यादव
