बरेली। थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में हुई हत्याकांड का खुलासा किया है। जिसमे पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पांच फरवरी का है जब रात के अंधेरे में पत्नी ने अपने पति की प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। किसी को उस पर शक न हो इसलिए पति की मौत पर पत्नी ने मातम भी मनाया। मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर मे 5 फरवरी को 30 वर्षीय ओमकार की लाश खेत में पड़ी मिली।इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हत्यारे की तलाश में जुट गई थी। खुदागंज निवासी ओमकार की मौत के बाद उसके घर में मातम छा गया था। उसकी पत्नी का पति की मौत के बाद रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस की जांच मे जो खुलासा हुआ उसने सबके होश उड़ा दिए। हत्या की जो कहानी सामने निकलकर आई, उसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। पुलिस की मानें तो ओमकार की पत्नी भूरी का उसके ममेरे देवर चरन सिंह पुत्र रामकुमार निवासी बसावनपुर शाही से काफी लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। वह दोनों परिवार वालों की नजरें छुपाकर बात किया करते थे। मौका लगते ही छुप छुप कर मिला भी करते थे लेकिन उनके प्यार के बीच भूरी का पति ओमकार आ रहा था। इसके बाद दोनों ने ओमकार को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। उसी प्लान के तहत पांच फरवरी की रात अंधेरे में भूरी पति ओमकार को अपने साथ खेत पर ले गई। वहां पहले से भूरी का प्रेमी इंतजार कर रहा था। इसके बाद मौका पाते ही भूरी के प्रेमी ने ओमकार को दबोच लिया और गला दबाने लगा। साथ ही ओमकार की पत्नी ने अपने पति के हाथ पकड़ लिए। जिसके बाद प्रेमी ने सीने पर बैठ कर गला दबाकर ओमकार की हत्या कर दी। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी चरन सिंह ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह, उप निरीक्षक राजदीप सिंह, रनसिंह, कांस्टेबल कपिल कुमार, चालक चमन राना, महिला कांस्टेबल भावना शर्मा आदि रहे।।
बरेली से कपिल यादव
