दो पूर्व मंत्री और एक एमएलसी का कोरोना से निधन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर बहुत तेजी से बढ़ता जा रहा है। यूपी के दो कैबिनेट मंत्री और एक आईएएस अफसर को अपनी चपेट में ले चुका है। बीती देर रात बांदा निवासी पूर्व मंत्री जमुना प्रसाद बोस, बसपा सरकार में राज्य मंत्री रहे अजय भारती और समाजवादी पार्टी से एमएलसी एसआरएस यादव का कोरोना संक्रमण से लखनऊ में निधन हो गया। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। वहीं कैबिनेट मंत्री सतीश महाना की भी हालत गंभीर बनी हुई है। राजधानी लखनऊ में बीते 24 घंटे में कोरोना से 16 मौतें हुई हैं। इनमें कोरोना वायरस से लखनऊ के छह व्यक्तियों का निधन हो गया और बाकी अन्य जिलों के रहने वाले थे। अजय भारती बाद में बसपा को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।
कोरोना से हार गए जमुना प्रसाद बोस
जमुना प्रसाद बोस उम्र 95 वर्ष के बांदा जिले के समाजवादी नेता व यूपी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। 5 दिन पहले डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ में जांच में कोरोना की पुष्टि होने के बाद उन्हें संस्थान के कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। बीती शाम साढे सात बजे उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे दो पुत्र पुत्री सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए है। मंगलवार की सुबह 11 बजे जमुना प्रसाद बोस के पार्थिव शरीर को लखनऊ के बैकुंठ धाम में राजकीय सम्मान के साथ विद्युत शवदाह गृह में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पूर्व राज्य मंत्री अजय भारती का कोरोना से निधन
बसपा सरकार में राज्य मंत्री रहे कोरोना संक्रमित अजय भारती ने बीती देर शाम कानपुर के निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। अजय भारती बसपा को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। वर्तमान में भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के कानपुर मंडल अध्यक्ष थे। तीन दिन पहले उन्हें बुखार आया था तो वह कानपुर चले गए। वहां जांच में उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अजय भारती की छवि जनपद के एक ईमानदार राजनेता के रूप में थी।
एमएलसी एसआरएस यादव का निधन
एसआरएस यादव कोरोना संक्रमित होने के बाद पीजीआई के कोविड वार्ड में भर्ती हुए थे। उन्होंने देर रात आखरी सांस ली। एसआरएस यादव सपा के वरिष्ठ सलाहकारों में शुमार थे। मुलायम सिंह यादव जब 1989 में पहली बार मुख्यमंत्री बने तो एसआरएस अपना विशेष कार्याधिकारी यानी ओएसडी बनाया था। राजनीति में आने से पहले कोऑपरेटिव बैंक में नौकरी करते थे। मुलायम सिंह यादव के साथ ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सबसे करीबी लोगों में शामिल थे। समाजवादी पार्टी के कार्यालय की कमान एसआरएस यादव ही संभालते थे। मुलायम सिंह यादव के साथ अखिलेश यादव पार्टी के अन्य नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
कैबिनेट मंत्री सतीश महाना की हालत गंभीर
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री सतीश महाना को पीजीआई के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। मंत्री 29 अगस्त को कोरोना पॉजिटिव आए थे। उन्होंने इसकी जानकारी ट्वीट कर खुद ही दी थी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।