डीएम ने ग्राम्य वन मंझा का किया निरीक्षण, टीलों में उग आया हरा भरा जंगल

बरेली। डीएम नितीश कुमार ने मंगलवार को ब्लॉक क्यारा मे ग्राम्य वन मंझा का औचक निरीक्षण किया। जिले के विभिन्न स्थानों, विशेष कर डोहरा रोड से हस्तांतरित कर प्रतिरोपित किए गए वृक्षों को देखा। वन्य ग्राम मंझा में अब तक 652 वृक्षों को हस्तांतरित कर प्रतिरोपित किया गया है। जिनमें से 154 से अधिक वृक्षों में कोंपलें फूटने लगी हैं, पत्तियां आने लगी हैं। पूरे उत्तर प्रदेश में यह अपने आप में अभिनव प्रयोग है। डीएम ने नितीश कुमार ने पांच जून 2021 को पर्यावरण दिवस के अवसर पर यह अनूठा निर्णय लिया कि डोहरा रोड तथा बरेली के अन्य स्थानों पर जहां कहीं भी निर्माण कार्य के लिए वृक्षों को काटने की आवश्यकता पड़ रही है। उन पेड़ों को काटा न जाए बल्कि उन्हें अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। नितीश कुमार के निर्देश पर यह कार्य शुरु किया गया और प्रथम चरण में केवल 25 दिनों में ही 500 वृक्षों को ग्राम्य वन मंझा में प्रतिरोपित कर दिया गया। तीन पीपल के पेड़ों की हरी भरी काया दूर से दिख रही है। इन वृक्षों का जीवन बचाते हुये वृक्षों को नये स्थल पर प्रतिरोपण का जो अभिनव प्रयोग किया गया, वह सवर्था सफल होता प्रतीत हो रहा है। यही नहीं इस प्रयोग से रामगंगा नदी के किनारे मंझा ग्राम में वृक्षों को प्रतिरोपित कर वृक्षारोपण क्षेत्र के एक भाग को वन का स्वरूप भी प्रदान किया जा रहा है। भविष्य में यहां पर एक पर्यटक स्थल विकसित होता दिखाई दे रहा है, क्योंकि जिस रामगंगा के किनारे कभी बालू के टीलो के सिवा एक भी वृक्ष नहीं था, आज वहां 135 हेक्टेयर क्षेत्र में धीरे धीरे वन अपना आकार लेता दिखाई दे रहा है। वन ग्राम मंझा में उद्यान विभाग को आवंटित 10 हेक्टेयर भूमि पर 4 हेक्टेयर अमरूद, 2 हेक्टेयर नींबू, 2 हेक्टेयर जामुन लगाया गया है। शोभाकारी वृक्षों के लिए किनारे किनारे 4 लाईन गुलमोहर की लगाई गई हैं। शेष क्षेत्रफल पर लेमन ग्रास, अलोवेरा, गुलाब रोपित किया जाएगा। पूरे क्षेत्र की कटीले तारों से तारबंदी कर दी गयी है। इस क्षेत्र में अब तक कुल 203700 पौधों का रोपण किया जा चुका है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।