डीएम और सीडीओ तिरंगा लेकर निकले, दिया देशभक्ति का संदेश

बरेली। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विशप मंडल इंटर कॉलेज से बाइक और स्कूटी यात्रा को रवाना किया और खुद भी इसमें शामिल हुए। सुवह नौ बजे शुरू हुई यात्रा स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और शहरवासी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। इसके वाद शाम पांच बजे विकास भवन से पंचायती राज और ग्राम्य विकास विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तिरंगा रैली निकाली। यह रैली गांधी उद्यान, चौकी चौराहा और जिलाधिकारी आवास के सामने से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में समाप्त हुई। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारे गूंजते रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, वान और शान का प्रतीक है। इसका उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने लोगों से घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की। साथ ही 14 अगस्त को होने वाली तिरंगा यात्रा में भी सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, उपजिलाधिकारी सदर इशिता किशोर, एडीएम सिटी नगर अविनाश त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा, डीपीआरओ कमल किशोर, डीपीओ मनोज कुमार, पीडी डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, आईटीवीपी के जवान आदि ने सहभागिता की। कई मुख्य मार्गों पर लगा लंबा जाम: तिरंगा यात्रा के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। बड़ी संख्या में लोगों के यात्रा में शामिल होने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। गांधी उद्यान, चौकी चौराहा, विकास भवन और कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की कतार लग गई। वाहन चालकों को काफी देर तक जाम मे फंसे रहना पड़ा। यात्रा के गुजरने तक यातायात पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। जाम के कारण राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि यात्रा समाप्त होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *