बरेली/ फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के मे दिल्ली हाईवे पर धनेटा फाटक के पास शुक्रवार को ट्रक-बाइक की टक्कर में मासूम की मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार दंपती दो बच्चों समेत गिर गए। 11 माह का पीयूष मां की गोद से छिटककर ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची सहित दंपती भी घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को नजदीकी मेडिकल कॉलेज और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक रामपुर के शाहबाद क्षेत्र के गांव करीमगंज निवासी राकेश यादव, पत्नी कामिनी, बेटी अमनी (2) और 11 माह के पीयूष के साथ बाइक से शाही के गांव मिर्जापुर में रिश्तेदार के घर कार्यक्रम मे शामिल होने जा रहे थे। पीयूष मां की गोद में बैठा था। सुबह 11:30 बजे धनेटा फाटक के पास पीछे से आ रहे ट्रक की टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित हो गई। चारों सवार गिर गए। पीयूष मां की गोद से छिटककर ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। इससे उसकी जान चली गई। कामिनी का हाथ कुचल गया। राकेश और अमनी भी चोटिल हो गए। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि ट्रक (यूपी 34 सीटी 3082) को कब्जे में और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
