टेट की अनिवार्यता पर शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च, सौंपा ज्ञापन

बरेली। सुप्रीम कोर्ट के शिक्षकों को दो साल में टेट की अनिवार्यता के मामले मे बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई के सदस्यों के साथ शिक्षकों ने चौकी चौराहा से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। लगभग 400-500 शिक्षकों के मार्च की वजह से एक तरफ की आवाजाही बाधित रही। शिक्षकों ने संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कलेक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार सिंह को सौंपा। शिक्षकों का कहना है बीते कई दिनों से बेसिक शिक्षा विभाग के साथ कभी विलय तो कभी समायोजन, चयन वेतनमान, फिर प्रमोशन, ट्रांसफर और अब टेट के नाम पर मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है जबकि इतने बरसों से शिक्षक बच्चों को पढ़ाने, चुनाव से संबंधित कार्य करने को समर्पित हैं। इस दौरान नरेश गंगवार ने कहा कि भविष्य में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मांडलिक मंत्री केसी पटेल ने बताया जो शिक्षक 20 वर्ष भी शिक्षण कार्य कर रहे हैं, उन्हें भी टेट देना होगा, कहीं न कहीं यह मानसिक प्रताड़ना का स्रोत प्रतीत भी बना है। जिला मंत्री बलवीर सिंह ने कहा कि अन्य विभागों में विभागीय परीक्षाएं भी लागू की जाती हैं परंतु वहां पर उनकी सेवा के आधार पर बोनस अंक भी प्रदान किए जाते हैं। जिला कोषाध्यक्ष योगेश कुमार, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम पाल, जिला उपाध्यक्ष मनोज गंगवार, जिला संयुक्त मंत्री तपन सिंह मौर्य, जिला उपाध्यक्ष विजय गंगवार, जिला उपाध्यक्ष नवल किशोर, जिला उपाध्यक्ष सतीश चंद्र शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मोर किशोर मौर्य, जिला उपाध्यक्ष पान सिंह, जिला उपाध्यक्ष ललित गंगवार आदि उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *