बरेली। थाने मे आने वाले फरियादियों की शिकायतों को अब थानेदार नहीं दबा सकेंगे। ऐसा करना उनको भारी पड़ेगा। नवागत डीआईजी मुनिराज ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिये हैं कि जनसुनवाई में लापरवाही करने वाले थानेदार जिम्मेदार माने जाएंगे। जांच में दोषी मिले तो निलंबन की कार्रवाई होगी। डीआईजी मुनिराज ने प्रेसवार्ता कर शनिवार को बताया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं के अनुरूप बरेली रेंज के बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के सभी थानों में शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा। जांच साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी, जिससे निर्दोष के साथ अन्याय न हो। फरियादी को न्याय मिले। जनसुनवाई केवल कागजी औपचारिकता पूरी करके नहीं होगी। निस्तारण में गड़बड़ी या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार माना जाएगा। डीआईजी ने कहा कि पुलिस विभाग मे भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता नही चलेगी। किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ भ्रष्टाचार या कर्तव्य मे लापरवाही की शिकायत मिलने पर निष्पक्ष कर कार्रवाई होगी। चारों जिलों के एसएसपी और एसपी के साथ समन्वय बनाकर अपराध नियंत्रण की रणनीति तैयार की जाएगी। आगामी चुनावों और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए डीआईजी ने पीलीभीत से सटे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को संवेदनशील बताते हुए विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। चौबारी और ककोड़ा मेले में सुरक्षा का घेरा रहेगा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बरेली के ऐतिहासिक चौबारी मेले और बदायूं के ककोड़ा मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। मेला परिसरों, प्रमुख मार्गों और गंगा घाटों पर विशेष सुरक्षा रहेंगी। मेलों में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को महिला पुलिसकर्मियों के साथ मिशन शक्ति की टीमें रहेंगी।।
बरेली से कपिल यादव
