करोड़ों की जीएसटी चोरी में दो लोग गिरफ्तार

बरेली। फर्जी फर्मों का पंजीकरण कराकर करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी के मामले में एसआईटी ने हरदोई निवासी दीपांशु तिवारी और उत्तराखंड रुद्रपुर निवासी राहुल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिना कारोबार के फर्जी बिल तैयार करके दूसरी फर्मों को करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) पास ऑन कराके लाभ पहुंच रहे थे। इसके बदले दोनों को कमीशन मिलता था। पुलिस ने शनिवार को दोनों को जेल भेज दिया। राज्य कर विभाग की जांच में फर्जीवाड़ा पकड़े जाने पर दीपांशु तिवारी और राहुल अग्रवाल के खिलाफ 2025 में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच में दोनों आरोपियों के नाम सामने आये। जो बोगस फर्म के जरिए आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट ) के जरिए दूसरों को जीएसटी चोरी करा रहे थे। पहला मामला बारादरी थाने में दर्ज हुआ। जिसमें ठाकुर इंटरप्राइजेज नाम की फर्म के जरिए फर्जी जीएसटी बिलिंग करने का आरोप है। यह फर्म बिहार के वैशाली निवासी अभिषेक ठाकुर के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर संचालित की जा रही थी। जांच में हरदोई के मझीला थाना क्षेत्र निवासी दीपांशु तिवारी(27) का नाम भी सामने आया। एसआईटी ने 13 नवंबर शुक्रवार को को उसे गिरफ्तार किया था। दीपांशु के खिलाफ बारादरी थाने में और राहुल अग्रवाल के खिलाफ बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज था। दोनों मामलों में जीएसटी अधिनियम की धारा 132 के तहत कार्रवाई की गई है। दिल्ली में बीकॉम की पढ़ाई: पूछताछ में दीपांशु ने बताया कि उसने दिल्ली से बीकॉम की पढ़ाई की थी। 2016-17 में अकाउंटिंग और टैली का काम सीखा। इसके बाद आनंद पर्वत स्थित पाइप फैक्ट्री में करीब एक साल नौकरी की। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर फर्जी जीएसटी बिलिंग करने लगा। फर्मों की लॉगिन आईडी, पासवर्ड, ईमेल आईडी और फर्जी बिल तैयार करता था। उसने करोड़ों रुपये की आईटीसी पास ऑन करना कबूल किया है। दीपांशु के कब्जे से आईफोन-12 और आईफोन-7, दो सिम कार्ड, दो आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, दो एटीएम कार्ड, दो दिल्ली मेट्रो कार्ड और 1,320 रुपये नकद बरामद किए हैं।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *