चुनाव प्रचार थमा, कल रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, 11 को मतदान

बरेली। नगर निकाय चुनाव मे ताल ठोंक रहे प्रत्याशियों का जनसंपर्क, प्रचार-प्रसार मंगलवार शाम थम गया। 11 मई को द्वितीय चरण का मतदान होगा। बरेली मे इसकी पूरी तैयारी जिला पुलिस प्रशासन ने कर ली है। बुधवार को पोलिंग पार्टी रवाना होंगी। रवानगी स्थल पर मंगलवार को वाहन पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। निगरानी के लिए जिले को 33 जोन और 77 सेक्टर में विभाजित किया गया है। जिले में 11 मई को नगर निगम और निकायों में मतदान होगा। अबकी बार नगर निगम के मेयर, पार्षद का चुनाव 8,47,763 मतदाता करेंगे। निकायों के अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए 4,84,413 मतदाता वोट डालेंगे। निकाय चुनाव के लिए जिले में 340 मतदान केंद्र बने हैं। इनमें 1195 मतदेय स्थल है। नगर निगम के लिए एक मेयर, 80 पार्षद के लिए ईवीएम और नगर निकायों के 19 अध्यक्ष और 272 सदस्य पद के लिए बैलेट पेपर से मतदान होगा। ईवीएम और मतपत्र पोलिंग पार्टियों को रवानगी स्थल पर सौंपे जाएंगे। जिन्हें मतदान के बाद सील कर कड़ी सुरक्षा घेरे के बीच स्ट्रांग रूम में जमा करना होगा। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस समेत खूफिया विभागों को भी सक्रिय किया गया है। पोलिंग पार्टियों की दस मई को रवानगी के लिए अधिगृहीत वाहन मंगलवार दोपहर से बरेली कॉलेज मैदान पहुंचना शुरू हो गए थे। विकास भवन से श्यामगंज जाने वाली सड़क के एक ओर बेरीकेडिंग किए जाने से आवागमन प्रभावित रहा। बसों के बरेली कॉलेज पहुंचने के दौरान रुक-रुककर जाम लगता रहा। सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। अबकी बार पालिंग पार्टियों की रवानगी के लिए 315 बस, 15 मिनी बस, सेक्टर-जोनल मजिस्ट्रेट के लिए 110 हल्के वाहन, उडनदस्ता और निगरानी टीम के लिए 46 हल्के वाहन अधिगृहीत हुए हैं।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *