गैंगस्टर शेर अली की चिह्नित संपत्ति जब्त करने की मांग

बरेली। डीफार्मा के छात्रों को फर्जी डिग्री बांटकर 3.70 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में खुसरो ग्रुप के चेयरमैन शेर अली जाफरी की 3.70 करोड़ रुपये की संपत्ति चिह्नित की गई थी। मगर जमानत पर छूटने के बाद यह कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली गई। शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे ठगी के शिकार छात्रों ने उसकी संपत्ति जब्त करने की मांग की है। शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे ठगी के शिकार मो. इमरान, रामजीत यादव, दीपक गंगवार, महेश राठौर, दीपक कुमार समेत अन्य छात्रों ने कहा कि आरोपियों की जमानत के बाद उनकी संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई नहीं हो सकी है। आरोपियों की संपत्ति जब्त कर उनकी रकम वापस कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शेर अली जाफरी ने बदायूं स्थित अपना कॉलेज बेच दिया है और वह अन्य संपत्ति बेचकर यहां से भाग सकता है। आपको बता दें कि पिछले साल खुसरो मैमोरियल डिग्री कॉलेज में डीफार्म फर्जीवाड़ा सामने आया था। कॉलेज प्रबंधन ने तमाम छात्र-छात्राओं के डीफार्मा में एडमिशन लिए और फिर उन्हें फर्जी डिग्री देकर करीब 3.70 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में खुसरो ग्रुप के चेयरमैन शेर अली जाफरी, उसके बेटे फिरोज, प्राचार्य विश्वनाथ शर्मा और विजय शर्मा समेत कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेजा गया था। बाद में आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई, जिसमें शेर अली जाफरी, उसके बेटे फिरोज अली जाफरी, अभयपुर भोजीपुरा निवासी जाकिर, मीरगंज निवासी तारिक अल्वी, सुभाषनगर के शांति विहार निवासी विजय शर्मा और सीबीगंज निवासी विश्वनाथ शर्मा को नामजद किया था। पुलिस द्वारा गैंगस्टर के तहत आरोपियों की संपत्ति भी चिह्नित की गई थी। इसमें शेर अली जाफरी के नाम पर 2.36 लाख रुपये की कार, सैदपुर हॉकिन्स मिनी बाइपास के पास खुसरो हॉस्पिटल, छह भूखंड, गांव सनैया रानी व कुंवर में 1.405 हेक्टेयर जमीन, सीबीगंज के चंदनपुर जोगियान में खुसरो मेमोरियल इंटर कॉलेज, सनैया रानी में खुसरो मेमोरियल इंटर कॉलेज, खुसरो मेमोरियल डिग्री कॉलेज, खुसरो मेमोरियल आईटीआई कॉलेज, फिरोज अली जाफरी के नाम पर 14 हजार की बाइक, शेर अली की पत्नी नूरजहां जाफरी के नाम पर 3.51 लाख की कार, 200 वर्गगज का आवासीय मकान व अस्पताल व 195 शांति बिहार में खान मार्केट और बैंक खाते में 1,86,287 रुपये शामिल है। मगर आरोपियों की जमानत के बाद यह कार्रवाई नहीं हो सकी।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *