गन्ने के खेत में मिला युवक का शव, गले पर था निशान

सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज क्षेत्र मे नदौसी गांव के पास गन्ने के खेत में एक युवक का शव बरामद हुआ। उसके गले पर भी हल्का निशान बना हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। नदौसी गांव के रंजीत यादव ने राजेंद्र नगर निवासी मुन्ना बाबू का खेत ठेके पर ले रखा है, जिसमें गन्ने की खेती करते हैं। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह खेत पर गए तो गन्ने के बीच एक युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी तो कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। रंजीत की सूचना पर सीओ नितिन कुमार, एसओ सीबीगंज विनोद सिंह और फोरेंसिक टीम वहां पहुंचे। मृतक की उम्र करीब 32 साल आंकी जा रही है। उसकी गर्दन पर हल्का निशान है और शव दो-तीन दिन पुराना है। मृतक ने चॉकलेट और काले रंग के कपड़े पहन रखे थे। मृतक के बाएं हाथ पर अंग्रेजी में सुखपाल, रोशनी और नीतू तीन नाम गुदे हुए हैं। वहीं, दाहिने हाथ पर त्रिशूल का निशान गुदा है। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की जानकारी करने का प्रयास किया लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। इस पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। मौके पर युवक के जूता-चप्पल नहीं मिले हैं। इस वजह से हत्या करके शव वहां फेंकने की आशंका भी जताई जा रही है। एसओ विनोद सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण सामने आ सकेगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *