बहेड़ी, बरेली। खाद न मिलने और महंगाई गन्ने का भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर सपा विधायक अताउर रहमान कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरे। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए इन समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। किसानों की समस्याओं, बिजली-पानी की बदहाल व्यवस्था और महंगाई समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी ने सड़क पर उतर कर जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री एवं विधायक अताउर्रहमान के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जुलूस की शक्ल में तहसील परिसर में पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम इशिता किशोर को सौंपा। प्रदर्शन में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। इस मौके पर विधायक अताउर्रहमान ने कहा प्रदेश सरकार किसानों, व्यापारियों और आमजन की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। खाद संकट, बिजली कटौती, महंगाई और किसानों के बकाया भुगतान समस्याओं प से किसान आम जन परेशान है। उन्होंने कहा किसान पर्याप्त मात्रा में खाद न मिलने से खेती के कार्य प्रभावित करने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए। चीनी मिल पर गन्ना किसानों का करीब 160 करोड़ रुपये का बकाया तत्काल दिलाने की भी मांग उठाई गई। सपा नेताओं का कहना था कि भुगतान में देरी से किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। ज्ञापन में डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण, भीषण गर्मी में हो रही बिजली कटौती पर रोक, बहेड़ी में 33 केवी पावर हाउस की स्वीकृति, नगर पालिका द्वारा बढ़ाए गए हाउस टैक्स को वापस लेने, मुख्य मार्गों पर जलभराव की समस्या दूर करने और पेयजल संकट का स्थायी समाधान कराने की मांग भी शामिल रही। इस दौरान विधायक अताउर्रहमान ने राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर हाजी वफाउर रहमान, नसीमुर रहमान, चौधरी विजेंद्र सिंह, नासिर रजा खां आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
