केपीएससी परीक्षा मे अनियमितता की जांच करने आईएएस अफसर ज्ञानेंद्र गंगवार के घर पहुंची ईडी की टीम

नवाबगंज, बरेली। कर्नाटक कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के नवाबगंज क्षेत्र स्थित पैतृक घर पर रविवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने छापेमारी की। हिमकरपुर चमरौआ गांव में सुबह करीब आठ बजे पुलिस बल के साथ पहुंची ईडी की टीम ने घर में प्रवेश कर जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह लखनऊ से ईडी की टीम बरेली पहुंची। यहां पुलिस अधिकारियों से मिलकर स्थानीय स्तर पर सहयोग मांगा। पुलिस लाइन से सात पुरुष और चार महिला पुलिसकर्मियों को टीम के साथ भेज दिया गया। टीम के गांव पहुंचते ही हलचल मच गई। पुलिस ने आईएसएस अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के घर के आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। ईडी की टीम की कार्रवाई के दौरान ज्ञानेंद्र गंगवार के पिता और परिवार की महिलाएं घर में मौजूद थीं। पुलिस बल ने किसी को भी जांच के दौरान घर से बाहर नहीं आने दिया। गांव में छापेमारी की खबर फैलने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, ईडी की ओर से स्थानीय कार्रवाई के बारे में तत्काल विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। ईडी ने रविवार को आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र गंगवार से जुड़े बेंगलुरु और बरेली स्थित परिसरों की तलाशी ली। यह कार्रवाई कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की एक भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गई है। ईडी ने इससे पहले 18 अगस्त को भी कर्नाटक में केपीएससी कार्यालय और आयोग से जुड़े कुछ अधिकारियों के परिसरों समेत 21 स्थानों पर तलाशी ली थी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *