कांवड़ यात्रा तक नाथ मंदिरों के मार्गों पर नही होगी खोदाई

बरेली। कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने नाथ मंदिरों वाले सभी प्रमुख मार्गों पर सड़क और फुटपाथ की खुदाई पर अस्थायी रोक लगा दी है। यात्रा समाप्त होने तक इन मार्गों पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार की खुदाई, कूड़ा डालने या निर्माण सामग्री रखने की अनुमति नही होगी। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने शहर को चार जोन में विभाजित कर छह अधिकारियों की निगरानी टीमें गठित की हैं। ये टीमें कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले और यात्रा के दौरान लगातार नाथ मंदिरों वाले मार्गों का निरीक्षण करेंगी और व्यवस्थाओं की रिपोर्ट तैयार कर निगम मुख्यालय को उपलब्ध कराएंगी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी स्थान पर पानी की पाइपलाइन, सीवर या गैस लाइन में आपातकालीन खराबी आती है तो संबंधित विभाग को पहले नगर निगम से अनुमति लेनी होगी। इसके बाद ही निगम की टीम की मौजूदगी में सीमित क्षेत्र में खुदाई कर मरम्मत कार्य कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी तरह की बाधा न आए। कांवड़ यात्रा से पहले उन मार्गों के गड्ढे भरने, स्ट्रीट लाइटें ठीक करने और साफ सफाई के लिए अधिकारियों को आदेश दिए है। नगर आयुक्त ने प्रकाश विभाग को सभी कांवड़ मार्गों पर स्ट्रीट लाइटों की जांच कर खराब लाइटों को तत्काल बदलने और पूरी प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सफाई व्यवस्था, जल निकासी और अतिक्रमण हटाने के कार्यों की भी नियमित समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम मार्ग उपलब्ध कराएं।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *