कांग्रेस का हाल है “खिसियानी बिल्ली खम्भा नोचे” जैसा : मायावती

सीतापुर। बसपा सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को सीतापुर लोकसभा से सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी नकुल दुबे के समर्थन में राजकीय इंटर कालेज के मैदान में जनसभा कर कांग्रेस को खूब खरी खोटी सुनाई। वहीं भाजपा पर भी जमकर जुबानी तीर चलाये। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हाल “खिसियानी बिल्ली खम्भा नोचे” जैसा है। राहुल गांधी भरी संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गले से लिपट कर क्या कर रहे थे? इसके क्या मायने हैं? उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि इसका मतलब साफ है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। मुलायम सिंह यादव के द्वारा मोदी को संसद में आशीष वचन देने के मामले पर मायावती ने कहा कि यह उम्र का तकाजा है। मुलायम सिंह कहना कुछ और चाहते थे लेकिन बढ़ती उम्र के कारण उनकी जुबान फिसल गई। इसे कांग्रेस जनता के सामने तोड़मरोड़ कर पेश कर रही है। मायावती के करीब चालीस मिनट के भाषण का केंद्र बिंदु कांग्रेस ही रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण आज केंद्र में भाजपा की सरकार बनीं। आजादी के बाद से लगातार कांग्रेस की सरकार रही। लेकिन न तो गरीबी दूर हुई न ही किसानों का उत्थान हुआ। मंडल कमीशन की रिपोर्ट को कांग्रेस ने दबाये रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सीतापुर की प्रत्याशी को गलत नीतियों और पार्टी विरोधी कार्य करने के कारण पार्टी से निष्कासित किया गया था। मायावती ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों अंदर-अंदर आपस मे मिली हुई है। इनके नेता गठबंधन से घबराए हुए हैं, घर-घर जाकर गठबंधन को वोट न देने की बात करते हैं। इनसे सावधान रहने की जरूरत है। भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जातिवादी, पूंजीवादी व साम्प्रदायिक पार्टी है। भाजपा की प्रदेश सरकार ने यूपी को बर्बाद कर दिया है। पिछले चुनाव में नरेंद्र मोदी ने जनता को अच्छे दिन लाने का सपना दिखाकर जनता के साथ छल किया था। मायावती ने कहा कि भाजपा का काम है “राम राम जपना और जनता को ठगना”। उन्होंने कहा अब नमो नमो की छुट्टी होने वाली है और जयहिंद के लोग आने वाले हैं। इस मौके पर प्रमुख रूप से बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र, मायावती के भतीजे आकाश आनन्द, विधायक हरगोविंद भार्गव, जिलाध्यक्ष सपा छत्रपाल यादव, जिलाध्यक्ष बसपा राममूर्ति मधुकर, पूर्व विधायक निर्मल वर्मा, महेंद्र कुमार सिंह झीनबाबू व राधेश्याम जायसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

रामकिशोर अवस्थी
सीतापुर ब्यरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।