बरेली। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बरेली से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में की जा रही मादक पदार्थों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। थाना मीरगंज इलाके में हुई छापेमारी में ड्रग तस्कर जब्बार गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 1 किलो 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2.60 करोड़ बताई गई है। एएनटीएफ को बरेली को मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। टीम ने मीरगंज इलाके में परौरा कट के पास से घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी की पहचान जब्बार खां निवासी ग्राम मोहनपुर, थाना फरीदपुर, बरेली के रूप मे हुई। अपने भाई के साथ मिलकर करीब दो साल से हेरोइन की सप्लाई कर रहा था। दोनों सस्ते दामों पर हेरोइन खरीदकर देहरादून में सप्लाई करते थे। पहले भी 25 से 30 बार देहरादून जाकर हेरोइन की सप्लाई कर चुका था। शुक्रवार को भी वह हेरोइन लेकर देहरादून में सप्लाई करने जा रहा था, लेकिन रास्ते में पकड़ा गया। कार्रवाई में यूनिट प्रभारी विकास यादव, कांस्टेबल सौरभ चौधरी, अंकित यादव, कुश कुमार, रसविन्द्र चौधरी, नीरज चौधरी और महिला कांस्टेबल रिजवाना शामिल रहे।।
बरेली से कपिल यादव
