सपा मे जाने के 15 दिन के भीतर राहुल कश्यप की भाजपा में वापसी

बरेली। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच जिले में दल-बदल की सियासत शुरू हो गई है। इसकी दिलचस्प बानगी राहुल कश्यप की महज 15 दिन में भाजपा में घर वापसी के रूप में सामने आई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर पार्टी के प्रति निष्ठा जताने वाले राहुल सोमवार शाम फिर भाजपा में लौट आए। राहुल का कहना है कि उनकी निष्ठा भाजपा के साथ ही है। 11 अक्टूबर को भाजपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप अपने कुछ करीबी समर्थकों के साथ लखनऊ में अखिलेश यादव से मिले थे। राहुल कश्यप भी उनके साथ थे। वीरपाल सिंह यादव की मौजूदगी में सभी ने अखिलेश के साथ तस्वीर खिंचवाई थी। इस घटनाक्रम के 15वें दिन राहुल की भाजपा में वापसी ने सियासी चर्चाओं को हवा दे दी है। उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर भी भाजपा के जिलाध्यक्ष आदेश यादव को पटका पहनाते एक तस्वीर भी शेयर की है। दिलचस्प यह है कि राहुल की घर वापसी ऐसे समय हुई है, जब मंगलवार यानी 27 अक्टूबर को धर्मेंद्र कश्यप के सपा में शामिल होने की औपचारिक घोषणा होनी है। मालूम हो कि राहुल कश्यप पहले से भाजपा के सक्रिय सदस्य रहे हैं।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *