कब्र से निकाला गया सपा विधायक की साली का शव, पोस्टमॉर्टम से खुलेगा मौत का राज

बहेड़ी, बरेली। जनपद के बहेड़ी में सपा विधायक अताउर रहमान की रिश्तेदार महिला का शव शनिवार को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। महिला के भाई ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि उनकी बहन की जहर देकर हत्या की गई है। इस मामले में जिलाधिकारी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। बहेड़ी के मोहल्ला बाजार मुड़िया रोड निवासी ताहिर की पत्नी तबस्सुम कैंसर रोग से पीड़ित थीं। तबस्सुम सपा विधायक अताउर रहमान की पत्नी की सगी बहन थी। 12 जुलाई को तबस्सुम की मौत हो गई थी। परिजनों ने नगर के कब्रिस्तान में उन्हें दफना दिया था। मृतका तबस्सुम के भाई जहीन इलियास अहमद ने 17 जुलाई को जिलाधिकारी अविनाश कुमार सिंह को शिकायती पत्र दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन की मौत के बाद ससुराल वालों ने शव को दफना दिया। आशंका जताई कि ससुराल वालों ने उनकी बहन को जहर देकर मारा है। जिलाधिकारी ने इस मामले में एसएसपी अनुराग आर्य को कार्रवाई के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा और सीओ अरुण कुमार सिंह ने प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिलाधिकारी को अपनी रिपोर्ट सौंपी। जिलाधिकारी के निर्देश पर दंडाधिकारी दिवाकर सिंह की मौजूदगी मे तबस्सुम के शव को कब्रिस्तान से निकाला गया। यह पूरी प्रक्रिया लगभग दो घंटे तक चली और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। कब्र की खुदाई करने से पहले चारों ओर कपड़े का घेरा बनाया गया था। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने परिजनों के अलावा किसी को भी करीब नहीं जाने दिया। शव को कब्र से बाहर निकालने के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *