कपूरपुर में प्राचीन मंदिर को बचाने के लिए जा रहे प्रयास को एसडीएम ने देखा

मीरगंज, बरेली। क्षेत्र के कपूरपुर गांव में रामगंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। नदी किनारे स्थित प्राचीन मंदिर को कटान से बचाने के लिए बाढ़ खंड द्वारा युद्धस्तर पर बचाव कार्य चलाया जा रहा है। जिसका बुधवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मीरगंज निधि शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। ​निरीक्षण के दौरान एसडीएम के साथ कपूरपुर के ग्राम प्रधान हरीश कुमार लोधी और बाढ़ खंड के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि रामगंगा के कटान के कारण मंदिर की एक दीवार पहले ही नदी में समा चुकी है। मंदिर को पूरी तरह से जलमग्न होने से बचाने के लिए विभाग की ओर से कटान रोधी (बैंबू क्रेटिंग और जियो बैग्स) कार्य तेजी से किया जा रहा है। एसडीएम निधि शुक्ला ने मौके पर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता जांची और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि फिलहाल रामगंगा का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए पूर्व में ही एहतियातन और ठोस बचाव कार्य कराए जा रहे है। ग्राम प्रधान व स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस समय रहते की गई पहल और सूझबूझ की सराहना की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *