बरेली। महाठग कन्हैया गुलाटी के विरुद्ध 24 लाख की ठगी के दो और मुकदमे पंजीकृत हो गए है। पहला मुकदमा शाहजहांपुर के दनियापुर निवासी विश्व मोहन ने दर्ज कराया और दूसरा मुकदमा हरदोई निवासी विनोद कुमार ने दर्ज कराया है। इन दोनों मुकदमों के बाद अब गुलाटी व उसके साथियों के विरुद्ध कुल मुकदमों की संख्या 70 हो चुकी है। शाहजहांपुर के दानियापुर निवासी विश्व मोहन मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चार जनवरी 2025 को जगतपाल सिंह के माध्यम से कैनविज कंपनी के बैंक खाते में 10 लाख रुपये जमा कराए थे। उस समय जगतपाल ने जमा धनराशि पर 22 माह तक पांच प्रतिशत ब्याज देने और अवधि पूरी होने पर पूरी रकम वापस करने की गारंटी दी थी। इसके एवज में 10 लाख रुपये का चेक भी दिया गया था। करीब तीन माह तक उनके खाते में ब्याज की रकम आती रही। इसके बाद चार अप्रैल 2025 को उनके भाई श्याम मोहन मिश्रा ने भी जगतपाल के कार्यालय में दो लाख रुपये जमा कराए। कुछ समय बाद जब ब्याज आना बंद हुआ तो जगतपाल ने पुराने चेक वापस लेकर नए चेक देने की बात कही गई। आरोप है कि जब वह कार्यालय पहुंचे तो वहां जगतपाल के साथ ओम प्रकाश मौर्या, सुरेश कुशवाह, सोनू चंद्रा और उमेश गंगवार मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर पुराने चेक वापस ले लिए और जल्द नए चेक देने का आश्वासन दिया। इसके बाद कन्हैया गुलाटी फरार हो गया। इसके बाद मामले में अब पुलिस ने जगतपाल, कन्हैया गुलाटी, ओम प्रकाश मौर्या, सोनू चंद्र, सुरेश कुशवाह और उमेश गंगवार पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। दूसरा मुकदमा विनोद कुमार तिवारी ने लिखाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 21 जनवरी 2025 को जगतपाल के माध्यम से केएम एसोसिएट्स के खाते में सात लाख रुपये जमा किए थे। उन्हें भी यही झांसा दिया गया था। जब उन्हें इसमें फायदा दिखाई दिया तो उन्होंने अपनी बहन-बहनोई के भी पांच लाख रुपये लगवा दिए। आरोप है कि कुछ दिनों बाद उनकी भी किस्त आना टूट गई और जब उन्होंने इस बारे में पता किया तो आरोपितों ने उन्हें टहलाना शुरू कर दिया। बाद में आरोपित कन्हैया गुलाटी फरार हो गया। इस मामले में पुलिस ने जगतपाल, कन्हैया गुलाटी, ओम प्रकाश मौर्या, सोनू चंद्र, सुरेश कुशवाह और उमेश गंगवार के विरुद्ध प्राथमिकी लिख ली है।।
बरेली से कपिल यादव
